नई दिल्ली। देश 15 अगस्त को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। राष्ट्रीय पर्व के उत्साह के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में बने दबाव क्षेत्र और सक्रिय मानसूनी हवाओं के कारण दिल्ली-NCR से लेकर उत्तर, मध्य, पूर्व और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को देखते हुए IMD ने दिल्ली के लाल किले और आसपास के इलाकों के लिए भी विशेष मौसम पूर्वानुमान जारी किया है।
लाल किले पर तिरंगा फहराने के दौरान बारिश की संभावना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराने के समय हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक सुबह 6 बजे से 9 बजे के बीच हल्की बारिश की करीब 60 प्रतिशत संभावना है। दिल्ली-NCR में दिनभर बादल छाए रहने के साथ रुक-रुककर बारिश और गरज-चमक की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बारिश के बावजूद उमस लोगों को परेशान कर सकती है। दिल्ली-NCR में 14 से 19 अगस्त के बीच रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने वाले लोगों को छाता या रेनकोट साथ रखने की सलाह दी गई है।
UP में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मानसून सक्रिय है। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज समेत कई शहरों में बारिश का दौर जारी है।
मौसम विभाग ने 15 अगस्त सुबह से 16 अगस्त सुबह के बीच बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, महोबा और ललितपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
प्रदेश के करीब 30 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर भी लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
MP में 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में सक्रिय मानसूनी सिस्टम का असर अगले कुछ दिनों तक देखने को मिल सकता है। जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभागों में भारी बारिश की संभावना है नर्मदापुरम, छतरपुर और उमरिया में अति भारी बारिश का अनुमान है। वहीं जबलपुर, सागर, रायसेन, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, कटनी, पन्ना, टीकमगढ़, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में भी भारी बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड-हिमाचल में बारिश और भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में मूसलाधार बारिश और भूस्खलन की आशंका जताई गई है।
पिथौरागढ़ में बारिश और मलबे के कारण कई मार्ग प्रभावित होने की खबर है। चारधाम यात्रियों को मौसम को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
हिमाचल प्रदेश के शिमला, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में भी भारी बारिश को लेकर अलर्ट है। लोगों और पर्यटकों को नदी-नालों के पास नहीं जाने की सलाह दी गई है।
बिहार और झारखंड में भी बारिश का असर
बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कई अन्य जिलों में येलो अलर्ट है। तेज हवाओं के साथ वज्रपात की भी आशंका है। झारखंड के गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट है। राज्य में 15 से 18 अगस्त तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
राजस्थान के 17 जिलों में येलो अलर्ट
राजस्थान में मानसूनी गतिविधियों में कुछ कमी आने के बावजूद पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। जयपुर, अलवर, भरतपुर, कोटा, सीकर और झुंझुनूं समेत 17 जिलों में तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट है। बीकानेर और जोधपुर संभाग में हल्की बारिश की संभावना है।
महाराष्ट्र और गुजरात में भी बारिश
महाराष्ट्र के नागपुर, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, अमरावती, भंडारा और गोंदिया में भारी बारिश का अलर्ट है। पुणे, सतारा, कोल्हापुर और नासिक के घाट क्षेत्रों में भी मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और रत्नागिरी में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
गुजरात के अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, भरूच, गांधीनगर और नवसारी में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। सौराष्ट्र और कच्छ में मौसम अपेक्षाकृत शांत रहने का अनुमान है।
दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश
केरल और तटीय कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।
पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और जलभराव का खतरा बना हुआ है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश और बिजली गिरने को लेकर सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
स्वतंत्रता दिवस पर घर से निकलने से पहले मौसम जरूर देखें
15 अगस्त को देशभर में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में बारिश और खराब मौसम को देखते हुए लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर पहाड़ी और जलभराव वाले क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को मौसम की स्थिति की जानकारी लेकर ही निकलना चाहिए।