नई दिल्ली। NDA सरकार को घेरने की रणनीति बनाने के लिए I.N.D.I.A ब्लॉक की अहम बैठक आज दोपहर 12 बजे दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित की जा रही है। करीब दो साल बाद हो रही इस बैठक को विपक्ष की बड़ी राजनीतिक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
23 विपक्षी दलों के शामिल होने का दावा
कांग्रेस का दावा है कि इस बैठक में लगभग 23 विपक्षी दल शामिल हो रहे हैं। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक इन दलों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि ये दल भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ एकजुट हो रहे हैं।
विपक्षी नेताओं की मौजूदगी
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी पहले ही दिल्ली पहुंच चुके हैं। बताया जा रहा है कि रविवार को उन्होंने AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात भी की थी
प्रमुख नेताओं के शामिल होने की संभावना
बैठक में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और उद्धव ठाकरे समेत कई प्रमुख विपक्षी नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
AAP और DMK नहीं होंगे शामिल
इस बैठक में आम आदमी पार्टी (AAP) और DMK के शामिल न होने की जानकारी सामने आई है।
पहले भी हो चुकी हैं कई बैठकें
I.N.D.I.A गठबंधन की पहली बैठक 23 जून 2023 को पटना में हुई थी। आखिरी बैठक 1 जून 2024 को दिल्ली में हुई थी। इसके बाद अगस्त 2025 में राहुल गांधी के आवास पर रणनीतिक बैठक और रात्रिभोज का आयोजन किया गया था, जिसमें कई विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए थे