नई दिल्ली। देशभर में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी राज्यों तक कई जगहों पर तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। वहीं पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के साथ भूस्खलन और आकाशीय बिजली का खतरा भी बना हुआ है।
दिल्ली में आज हल्की बारिश के आसार
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राजधानी दिल्ली में आज हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में बारिश और बूंदाबांदी का दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है। यानी 22 अगस्त तक राजधानी में रुक-रुककर बारिश देखने को मिल सकती है।
उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। आज प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। बारिश के साथ कई इलाकों में मेघगर्जन और वज्रपात भी हो सकता है। अंबेडकर नगर, अयोध्या, बदायूं, बहराइच, बाराबंकी, बरेली, बलरामपुर, बलिया, बस्ती, बिजनौर, गोंडा, गोरखपुर, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, पीलीभीत, प्रतापगढ़, रामपुर, संभल, संत रविदास नगर, शाहजहांपुर, सीतापुर, श्रावस्ती, सुल्तानपुर और वाराणसी समेत आसपास के जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
बिहार और झारखंड में भी तेज बारिश
बिहार के कई जिलों में आज भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। गया, रोहतास, बक्सर, भोजपुर, जहानाबाद, मुंगेर, बांका, जमुई, कटिहार, भागलपुर, कैमूर, नालंदा, नवादा, औरंगाबाद, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज और लखीसराय समेत कई इलाकों में मौसम खराब रह सकता है। वहीं झारखंड में आज और कल बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी बिगड़ा मौसम
मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में आज भारी से बहुत भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 22 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में भी 22 अगस्त तक अधिकांश हिस्सों में बारिश हो सकती है। इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। मध्य महाराष्ट्र में आज भारी बारिश हो सकती है, जबकि गुजरात में 22 अगस्त तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। कोंकण और गोवा में भी आज कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
पंजाब-हरियाणा से लेकर पूर्वोत्तर तक बारिश
हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में आज और कल कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 22 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। आज भारी और 18 अगस्त को बहुत भारी बारिश हो सकती है। गांगेय पश्चिम बंगाल में आज और 18 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट है। ओडिशा में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वोत्तर राज्यों की बात करें तो अरुणाचल प्रदेश में 21 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। असम और मेघालय में 22 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 22 अगस्त तक बारिश का अलर्ट है।
केरल और तटीय कर्नाटक में भी झमाझम बारिश
केरल में 20 अगस्त तक अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश होने की संभावना है। वहीं तटीय कर्नाटक में 22 अगस्त तक कई इलाकों में लगातार बारिश का दौर जारी रह सकता है।
उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में खतरा
पहाड़ी राज्यों में मौसम ज्यादा चुनौतीपूर्ण रह सकता है। उत्तराखंड में आज से 22 अगस्त तक बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की गई है। आज राज्य में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 22 अगस्त तक व्यापक बारिश का अनुमान है। आज और कल भी कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर में भी 22 अगस्त तक कई इलाकों में बारिश जारी रहने की संभावना है। आज से 19 अगस्त तक भारी बारिश के आसार हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक बाढ़ जैसी स्थिति का खतरा बढ़ सकता है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है। आंधी और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास जाने से बचना चाहिए। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की ताजा जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।