नई दिल्ली: अगर आप विदेश यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपकी जेब पर भारी पड़ने वाली है। ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव ने अंतरराष्ट्रीय हवाई सफर की तस्वीर बदल दी है। पश्चिम एशिया (West Asia) का हवाई मार्ग बंद होने और ईंधन की कीमतों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी के कारण दिल्ली से लंदन, दुबई और न्यूयॉर्क जैसे शहरों का किराया आसमान छू रहा है।
किराये में भारी उछाल: एक नजर आंकड़ों पर
युद्ध और तनाव के कारण विमानन कंपनियों को लंबे रूट का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे परिचालन लागत बढ़ गई है।
-
दिल्ली से लंदन: कभी ₹45,000 से ₹65,000 में मिलने वाली इकोनॉमी क्लास की टिकट अब ₹1,49,479 तक पहुंच गई है। वहीं, बिजनेस क्लास का किराया ₹1,79,354 के पार है।
-
दिल्ली से दुबई: पहले जो सफर ₹12,000 से ₹20,000 में होता था, अब इंडिगो जैसी एयरलाइंस पर उसके लिए ₹28,762 (इकोनॉमी) और ₹55,879 (बिजनेस) तक चुकाने पड़ रहे हैं।
-
दिल्ली से न्यूयॉर्क: सामान्य तौर पर ₹55,000 से ₹80,000 रहने वाला किराया अब दो स्टॉप के साथ भी ₹1,26,181 से शुरू हो रहा है।
क्यों महंगे हुए टिकट?
विशेषज्ञों के अनुसार, इस बढ़ोतरी के पीछे तीन मुख्य कारण हैं:
-
युद्ध और रूट का बदलाव: पश्चिम एशिया के ऊपर से उड़ान भरना खतरनाक होने के कारण विमानों को लंबे और घुमावदार रास्तों से जाना पड़ रहा है।
-
ATF की कीमतों में आग: एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतें $85-90 प्रति बैरल से बढ़कर $150-200 प्रति बैरल के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई हैं।
-
कच्चा तेल: ब्रेंट क्रूड ऑयल जो मार्च की शुरुआत में $72 प्रति बैरल था, वह 26 मार्च तक $105 के स्तर को छू चुका है।
यूरोप जाने वाले यात्री परेशान
तनाव के शुरुआती चरण में ही करीब 700 से अधिक उड़ानें रद्द की गईं, जिससे हजारों यात्री फंसे रहे। मार्च के पहले सप्ताह में ही यूरोप जाने वाली उड़ानों के किराये में 40% से अधिक का उछाल देखा गया है।