कोलकाता/नई दिल्ली डेस्क : आगामी 21 जून को मनाए जाने वाले 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' (IDY 2026) को लेकर देश और दुनिया में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस साल का मुख्य राष्ट्रीय और वैश्विक आकर्षण पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड (Red Road) पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह का नेतृत्व करेंगे। इस ऐतिहासिक आयोजन के स्वागत के लिए राज्य की सुवेंदु अधिकारी सरकार और कोलकाता नगर निगम (KMC) ने कमर कस ली है।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने लॉन्च किया 'स्वच्छता से स्वागत' अभियान
योग दिवस के भव्य स्वागत के लिए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने आज, सोमवार को कोलकाता नगर निगम (KMC) मुख्यालय से 'स्वच्छता से स्वागत' (Swachhta Se Swagat) नामक एक विशेष 5 दिवसीय सफाई अभियान की शुरुआत की। 21 जून तक चलने वाले इस अभियान के तहत शहर के उन हिस्सों (ब्लैक स्पॉट्स) को लक्षित किया जा रहा है जहां पारंपरिक रूप से कचरा डंप किया जाता है।
केएमसी अधिकारियों के अनुसार, टॉली नाला के किनारे, कुछ झुग्गी बस्तियों, सरकारी आवासों, धार्मिक स्थलों और थानों के आसपास के परिसरों की विशेष सफाई की जा रही है। केएमसी प्रशासक और म्यूनिसिपल कमिश्नर स्मिता पांडेय ने कोलकाता वासियों से अपील की है कि वे रविवार सुबह 6:30 से 7:45 बजे के बीच अपने नजदीकी पार्कों और सामुदायिक केंद्रों में योग के लिए भारी संख्या में जुटें।
कोलकाता ही क्यों बना मुख्य केंद्र?
केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने नई दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस साल की थीम Yoga for Healthy Ageing’ (स्वस्थ आयु के लिए योग) की घोषणा की। कोलकाता को मुख्य वेन्यू चुने जाने पर उन्होंने कहा, "यह पश्चिम बंगाल की वह पावन भूमि है, जहां से स्वामी विवेकानंद ने भारत की आध्यात्मिक और योग परंपरा का संदेश पश्चिमी देशों तक पहुंचाया था। इसी ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने इस बार मुख्य आयोजन के लिए कोलकाता को चुना है।"
गंगा में 500 नावें और मैदान में लाइव स्क्रीन
रेड रोड पर होने वाले मुख्य कार्यक्रम में पीएम मोदी विशेषज्ञों द्वारा तैयार 45 मिनट के 'कॉमन योग प्रोटोकॉल' का नेतृत्व करेंगे।
नदी पर प्रदर्शन: मुख्य आयोजन के साथ ही हुगली नदी में 500 नावों पर एक साथ योग का प्रदर्शन किया जाएगा।
पार्क बनेंगे वेन्यू: कोलकाता के 100 से अधिक पार्कों और मैदानों में एक साथ सुबह योग सत्र आयोजित होंगे। खेल और युवा मामलों के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) इंद्रनील खान ने बताया कि रेड रोड पर रजिस्ट्रेशन की भारी भीड़ को देखते हुए मैदान (Maidan) में भी अतिरिक्त व्यवस्था की गई है, जहां बड़ी स्क्रीन के जरिए मुख्य कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा। पहली बार योग करने वालों की मदद के लिए ट्रेनर भी तैनात रहेंगे।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ बना माहौल
आयुष मंत्रालय ने बताया कि योग दिवस के काउंटडाउन के तहत 14 जून को ही एक नया 'गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड' बन चुका है। 'योग 365' अभियान के तहत यूट्यूब पर लाइवस्ट्रीम किए गए एक योग सत्र को एक साथ 4,35,831 लोगों ने देखा, जो अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। इसके अलावा 13 जून से 'गंगोत्री से गंगासागर' तक 8 दिवसीय विशेष जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।कोलकाता में मुख्य आयोजन से पहले 'दौड़ से ध्यान' (19 जून) और 'वंदे योगम' (20 जून) जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम, ड्रोन शो और फ्लोटिंग लाइट डिस्प्ले भी आयोजित किए जाएंगे।
211 मिशनों के जरिए वैश्विक स्तर पर गूंजेगा योग
इस साल योग दिवस का वैश्विक दायरा और बड़ा होने जा रहा है। दुनिया भर के 190 से अधिक देशों और 211 भारतीय मिशनों के माध्यम से कुल 2,453 स्थानों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। न्यूयॉर्क, पेरिस, जिनेवा और कोलंबो जैसे बड़े शहरों में विशेष कार्यक्रम होंगे। इसके लिए संयुक्त राष्ट्र (UN) की 6 आधिकारिक भाषाओं में योग प्रोटोकॉल का अनुवाद भी किया गया है।