छत्रपति संभाजीनगर: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। 18 साल के कुणाल चांदगुडे ने iPhone खरीदा था, लेकिन उसकी किस्त चुकाने को लेकर परिवार में विवाद हो गया। इसी विवाद के बाद कुणाल घर से निकलकर तिसगांव इलाके की खावड्या पहाड़ी पर पहुंच गया।
पहाड़ी पर पहुंचा कुणाल, जुटी लोगों की भीड़
कुणाल के पहाड़ी पर पहुंचने की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग और स्थानीय लोग वहां पहुंच गए। पुलिस को भी सूचना दी गई। सभी की कोशिश थी कि कुणाल को समझाकर सुरक्षित नीचे लाया जाए। करीब तीन घंटे तक लोग उससे लगातार बातचीत करते रहे।
सरपंच ने हाथ जोड़कर मांगी जिंदगी
कुणाल को समझाने के लिए गांव के पूर्व सरपंच संजय जाधव ने भी काफी प्रयास किया। उन्होंने हाथ जोड़कर कुणाल से भावुक अपील की। सरपंच ने कहा कि वह जो चाहे, उसे दिला दिया जाएगा, लेकिन वह अपनी मां के लिए अपनी जिंदगी बचा ले। लोगों ने उसे उसके भविष्य की याद दिलाते हुए नीचे आने के लिए कहा।
‘जो चाहिए दिला देंगे, बस नीचे आ जाओ’
कुणाल को मनाने के लिए लोगों ने यहां तक कहा कि अगर iPhone उसकी परेशानी है तो नया फोन दिला दिया जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, उसे iPhone 15 Pro दिलाने की बात भी कही गई। इसके बावजूद कुणाल नीचे आने के लिए तैयार नहीं हुआ और काफी देर तक पहाड़ी पर ही रहा।
बेटे को बचाने पहुंचे पिता, हादसे में दोनों की मौत
करीब तीन घंटे की कोशिश के बाद कुणाल के पिता मुरलीधर चांदगुडे खुद उसके पास पहुंचे। उन्होंने बेटे को सुरक्षित पीछे खींचने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और पिता-पुत्र गहरी खाई में जा गिरे। इस हादसे में दोनों की मौत हो गई।
पति और बेटे को गिरते देख मां भी सदमे में
पति और बेटे को खाई में गिरते देख कुणाल की मां संगीता भी बुरी तरह सदमे में आ गईं। इसके बाद वह भी पहाड़ी से नीचे चली गईं। इस दर्दनाक घटना में कुणाल, उसके पिता मुरलीधर और मां संगीता की मौत हो गई।
मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड हुआ घटनाक्रम
घटना के दौरान पहाड़ी पर काफी संख्या में लोग मौजूद थे। बताया जा रहा है कि कुणाल को समझाने से लेकर हादसे तक का कुछ हिस्सा मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड हुआ। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोग इस पूरे घटनाक्रम को देखकर स्तब्ध हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जानकारी में iPhone की EMI को लेकर हुआ विवाद इस घटना की मुख्य वजह बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की परिस्थितियों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।