नई दिल्ली / रायपुर: केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ और तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी सुंदरराज पी. (IPS Sundarraj P) को एक बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। साल 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी सुंदरराज पी. को राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी एनआईए (NIA) में महानिरीक्षक (Inspector General - IG) के पद पर नियुक्त किया गया है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय (Ministry of Home Affairs) द्वारा 16 जून 2026 को जारी एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, सक्षम प्राधिकारी (Competent Authority) ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति (Central Deputation) के नियमों और शर्तों के तहत एनआईए में रिक्त पद पर उनकी इस नियुक्ति को मंजूरी दी है।
तत्काल कार्यमुक्त करने का निर्देश
गृह मंत्रालय के अवर सचिव (Under Secretary) संजीव कुमार द्वारा छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में अनुरोध किया गया है कि आईपीएस सुंदरराज पी. को तत्काल प्रभाव से छत्तीसगढ़ सरकार से कार्यमुक्त (Relieve) किया जाए, ताकि वे केंद्र में अपनी इस नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को संभाल सकें।
बस्तर में नक्सल मोर्चे पर रहा है लंबा अनुभव
आईपीएस सुंदरराज पी. छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे पर अपनी बेहतरीन रणनीतियों और जमीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। बस्तर रेंज के आईजी के रूप में उनका कार्यकाल काफी चर्चा में रहा है। अब केंद्रीय जांच एजेंसी (NIA) में आईजी के रूप में उनकी नियुक्ति को देश की आंतरिक सुरक्षा और आतंकवाद-नक्सलवाद विरोधी अभियानों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गृह मंत्रालय ने इस आदेश की प्रति छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (DGP), एनआईए के महानिदेशक (DG, NIA) सहित सभी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी है। एनआईए महानिदेशक से यह भी अनुरोध किया गया है कि वे सुंदरराज पी. के कार्यभार संभालने की तिथि से मंत्रालय को अवगत कराएं।