लखनऊ - यूपी की राजधानी लखनऊ में आयोजित श्रीराम कथा कार्यक्रम में जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर बड़ा बयान दिया। रामभद्राचार्य ने कहा कि अगर ऑपरेशन सिंदूर दो दिन और जारी रहता तो पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर यानी पीओके भारत का हिस्सा बन गया होता।
जगद्गुरु रामभद्राचार्य का बड़ा बयान...
जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने अपने संबोधन में आगे कहा कि, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कार्यकाल में ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में स्थित नौ आतंकी ठिकानों को नष्ट किया गया। इसके साथ ही आगे उन्होंने दावा किया कि, यदि यह अभियान कुछ और समय तक चलता तो पीओके का भारत में विलय संभव हो सकता था।
उपेंद्र द्विवेदी ने POK को भारत में लेने की जताई थी इच्छा
उन्होंने भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी का भी जिक्र करते हुए कहा कि, जब सेना प्रमुख ने उनसे गुरु दक्षिणा देने की इच्छा जताई थी, तब उन्होंने पीओके को भारत में वापस लाने की इच्छा व्यक्त की थी। आपको बता दें कि, यह कार्यक्रम लखनऊ में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान हुआ। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे।
राजनाथ सिंह एक बार फिर रक्षा मंत्री की जिम्मेदारी संभालेंगे
रामभद्राचार्य ने राजनाथ सिंह की ओर इशारा करते हुए कहा कि वह क्षत्रिय हैं और राष्ट्र की रक्षा की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2029 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिर से सरकार बनाएंगे और राजनाथ सिंह एक बार फिर रक्षा मंत्री की जिम्मेदारी संभालेंगे।
ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई थी
रामभद्राचार्य ने अपने संबोधन में ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अभियान आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई थी। बता दें, भारत ने साल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ढांचे को निशाना बनात हुए ऑपरेशन सिंदूर चलाया था।