जम्मू-कश्मीर- जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश, बादल फटने और फ्लैश फ्लड ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। पिछले छह दिनों में प्राकृतिक आपदाओं के कारण 26 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 6 लोग अब भी लापता हैं। हालात इतने गंभीर हैं कि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग लगातार तीसरे दिन भी बंद है और 1000 से अधिक वाहन रास्ते में फंसे हुए हैं। वहीं, अमरनाथ यात्रा समेत अन्य धार्मिक यात्राओं पर भी असर पड़ा है और 15 हजार से ज्यादा श्रद्धालु विभिन्न आधार शिविरों में रुके हुए हैं।
तीसरे दिन भी बंद रहा जम्मू-श्रीनगर हाईवे
लगातार बारिश और भूस्खलन के चलते करीब 250 किलोमीटर लंबे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह सड़क धंस गई है। उधमपुर के देओल ब्रिज, समरोली, जखैनी और रामबन के बनिहाल क्षेत्र में भारी मलबा आने से यातायात पूरी तरह ठप है। प्रशासन ने लोगों से हाईवे पर यात्रा न करने की अपील की है।
26 लोगों की मौत, 6 की तलाश जारी
बारिश और फ्लैश फ्लड से सबसे ज्यादा नुकसान पुंछ और राजौरी जिलों में हुआ है। अब तक 26 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 6 लोग लापता हैं। प्रशासन, सेना, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
1000 से ज्यादा वाहन और 15 हजार श्रद्धालु फंसे
हाईवे बंद होने के कारण जम्मू, नगरोटा, उधमपुर, रामबन, लखनपुर और सांबा में 1000 से अधिक वाहन फंसे हुए हैं। वहीं, जम्मू, कठुआ, सांबा, उधमपुर, रामबन और बनिहाल के आधार शिविरों में 15 हजार से ज्यादा श्रद्धालु मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं।
रेलवे ने चलाई स्पेशल ट्रेन
फंसे हुए यात्रियों को राहत देने के लिए उत्तर रेलवे ने बडगाम और बनिहाल से कटड़ा तक विशेष ट्रेनें चलाई हैं। इसके अलावा 600 से अधिक पर्यटकों को श्रीनगर से सुरक्षित जम्मू पहुंचाया गया है।
नदियां उफान पर, कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात
लगातार बारिश के कारण कई नदियां और नाले उफान पर हैं। निचले इलाकों में फ्लैश फ्लड से घरों, दुकानों और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। कई अंतर-जिला सड़कें भी भूस्खलन और सड़क कटाव के कारण बंद हैं। हालांकि मुगल रोड और श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी मार्ग पर यातायात जारी है।
IMD ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने चिनाब घाटी, उधमपुर, जम्मू, सांबा और कठुआ समेत कई जिलों में अगले कुछ घंटों तक बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।