केरलम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत के बाद अब मुख्यमंत्री पद को लेकर पार्टी के भीतर मंथन तेज हो गया है। चुनाव में शानदार प्रदर्शन के बावजूद कांग्रेस अभी तक मुख्यमंत्री के चेहरे पर अंतिम फैसला नहीं ले पाई है। केसी वेणुगोपाल, वीडी सतीशन और रमेश चेन्निथला मुख्यमंत्री पद की दौड़ में प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। हालांकि, अंतिम निर्णय पार्टी आलाकमान के हाथ में है।
दिल्ली में राहुल गांधी और खड़गे ने की अहम बैठक
केरल के अगले मुख्यमंत्री के चयन को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को दिल्ली में पार्टी नेताओं के साथ लंबी बैठक की। इस दौरान राज्य इकाई के वरिष्ठ नेताओं से मुख्यमंत्री चयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
तीन घंटे तक चली कांग्रेस नेतृत्व की बैठक
मुख्यमंत्री चयन को लेकर कांग्रेस नेतृत्व ने करीब तीन घंटे तक पार्टी नेताओं के साथ मंथन किया। बैठक में केसी वेणुगोपाल, वीडी सतीशन और रमेश चेन्निथला समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
जल्द होगा मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान
बैठक के बाद दीपा दासमुंशी ने कहा कि सभी विधायकों ने मुख्यमंत्री चयन का अधिकार पार्टी आलाकमान को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि सभी नेताओं ने अपनी राय नेतृत्व के सामने रखी है और जल्द ही अंतिम फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि केरलम में सरकार गठन की अंतिम तारीख 23 मई है, इसलिए पार्टी समय रहते मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर देगी।