पटना : बिहार की राजधानी पटना में चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान पर मंगलवार रात हुए पथराव और हंगामे के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशनी आनंद, अभिषेक और गौरव को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के बाद प्रशासन अलर्ट, जांच जारी
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। खान सर ने कोचिंग संस्थान के बाहर फायरिंग होने का दावा किया था, लेकिन पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से फायरिंग की पुष्टि नहीं की है। वहीं, घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने घटना के करीब 16 घंटे बाद पहुंचकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।
बिहार में कोचिंग संस्थानों के लिए बनेगी नई नीति
इस घटना के बाद राज्य में कोचिंग संस्थानों के संचालन और नियमन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। शिक्षा विभाग ने घोषणा की है कि बिहार में अब सभी कोचिंग संस्थान एक निर्धारित नीति के तहत संचालित होंगे। सरकार अगले तीन महीनों के भीतर व्यापक ‘कोचिंग नीति’ तैयार करेगी। नई नीति के तहत सभी कोचिंग संस्थानों के लिए ‘मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट’ लागू किया जाएगा, जिससे संस्थानों के संचालन में पारदर्शिता और अनुशासन सुनिश्चित किया जा सके।
बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के परिणाम से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, विवाद की जड़ हाल ही में घोषित बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा का परिणाम है। इस परीक्षा में कुल 19,838 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था। खान सर ने दावा किया कि उनके संस्थान से 12 हजार से अधिक छात्रों ने सफलता हासिल की है। दूसरी ओर, उसी कैंपस में संचालित ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद ने भी 10 हजार से अधिक छात्रों के चयन का दावा किया। दोनों संस्थानों के बीच पहले से प्रतिस्पर्धा और तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
पोस्टर विवाद ने बढ़ाया तनाव
मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब खान सर के सम्मान समारोह का पोस्टर कथित तौर पर ज्ञान बिंदु कोचिंग के बोर्ड पर लगा दिया गया। इस घटना के बाद दोनों संस्थानों के समर्थकों और संचालकों के बीच तनाव बढ़ गया।खान सर ने आरोप लगाया है कि उन्हें कोचिंग संस्थान को उड़ाने की धमकी भी दी गई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
सरकार की नजर, आगे हो सकती है और कार्रवाई
पटना में हुई इस घटना ने बिहार के कोचिंग उद्योग की व्यवस्था और प्रतिस्पर्धा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। सरकार अब इस पूरे मामले को उदाहरण बनाकर कोचिंग संस्थानों के लिए कड़े नियम लागू करने की तैयारी में है। जांच रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन की ओर से आगे और कार्रवाई की संभावना भी जताई जा रही है।