पटना में मशहूर शिक्षक खान सर के संस्थान ग्लोबल स्टडीज (GS Research Centre) पर मंगलवार रात हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट करते और कोचिंग परिसर में तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं। हमलावरों ने पोस्टर फाड़े और ईंट-पत्थर भी फेंके। घटना के बाद बुधवार को कोचिंग सेंटर बंद कर दिया गया।
हमले में घायल हुआ सुरक्षा गार्ड
खान सर ने बताया कि हमले में एक सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका सिर फट गया है। उसे पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) में भर्ती कराया गया है। शुरुआती बयान में खान सर ने फायरिंग होने का दावा किया था, लेकिन बाद में उन्होंने कहा कि तनावपूर्ण माहौल के कारण उन्हें स्थिति स्पष्ट नहीं समझ आई। एफआईआर में भी गोलीबारी का उल्लेख नहीं किया गया है।
छात्रों का प्रदर्शन, सुरक्षा की मांग
घटना के बाद बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए और कोचिंग के बाहर धरने पर बैठ गए। छात्रों ने "खान सर जिंदाबाद" के नारे लगाए और मांग की कि जब तक खान सर को पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी जाएगी, तब तक वे प्रदर्शन जारी रखेंगे। खान सर ने छात्रों से सड़क खाली करने की अपील करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य केवल गरीब और जरूरतमंद छात्रों को शिक्षा देना है और कुछ लोगों को यही बात पसंद नहीं आ रही है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
जानकारी के मुताबिक, खान सर की कोचिंग के पास स्थित ज्ञान बिंदु कोचिंग के बोर्ड के ऊपर बिहार पुलिस में चयनित छात्रों के सम्मान समारोह से जुड़ा पोस्टर लगाया गया था। इसी पोस्टर को लेकर विवाद शुरू हुआ और बाद में मामला हिंसक रूप ले बैठा। कोचिंग स्टाफ का आरोप है कि बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में उनके संस्थान से बड़ी संख्या में छात्रों के चयन के बाद आयोजित सम्मान समारोह और लगाए गए बैनर कुछ प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थानों को खटक रहे थे। इसी रंजिश के चलते हमला किया गया।
पुलिस ने फायरिंग से किया इनकार
पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, टाउन डीएसपी राजेश रंजन ने स्पष्ट किया कि अब तक की जांच में फायरिंग की कोई पुष्टि नहीं हुई है। उनके मुताबिक 10 से 12 लोग पैदल कोचिंग परिसर पहुंचे थे और उन्होंने मारपीट व तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया।
सीएम की कार्रवाई से संतुष्ट दिखे खान सर
खान सर ने कहा कि प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सक्रिय है और देर रात तक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सरकार की कार्रवाई से वह संतुष्ट हैं और उम्मीद है कि जल्द ही दोषियों पर कार्रवाई होगी।