पटना। पटना में खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर पर हुए हमले और उसके बाद हुई फायरिंग के मामले में शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कदमकुआं थाने में उनके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच के बीच उनकी गिरफ्तारी की संभावना भी जताई जा रही है।
बॉडीगार्ड्स के बयान के आधार पर दर्ज हुई FIR
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए जा चुके दोनों बॉडीगार्ड्स ने पूछताछ में दावा किया है कि उन्हें गोली चलाने के लिए कहा गया था। इसी बयान के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इस धारा के तहत दोष सिद्ध होने पर 10 साल तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है। एफआईआर दर्ज होने के बाद खान सर की कोचिंग पर उनके वकील पहुंचे। वहीं, कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए आईजी कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक भी आयोजित की गई।
छात्रों का प्रदर्शन, पुलिस ने जारी की अपील
खान सर के समर्थन में बड़ी संख्या में छात्र उनकी कोचिंग के बाहर जमा हो गए और नारेबाजी की। इस बीच पुलिस प्रशासन ने छात्रों से शांति बनाए रखने और किसी के बहकावे में नहीं आने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
2 जून को हुआ था कोचिंग सेंटर पर हमला
गौरतलब है कि 2 जून की रात पटना स्थित खान सर की कोचिंग पर हमला हुआ था। इस दौरान उनके सुरक्षाकर्मियों द्वारा फायरिंग किए जाने का वीडियो सामने आया था। पुलिस पहले ही दोनों बॉडीगार्ड्स को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है और खान सर से भी पूछताछ की जा चुकी है।
पुलिस पर बदले सुर, बोले- पहुंचने में लगा समय
घटना के बाद पहले खान सर ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की थी, लेकिन अब उन्होंने कहा है कि पुलिस मौके पर देर से पहुंची। उन्होंने दावा किया कि हालात तनावपूर्ण थे और सुरक्षाकर्मियों ने आत्मरक्षा में गोली चलाई थी। उनके मुताबिक गार्ड्स का उद्देश्य किसी को निशाना बनाना नहीं था, बल्कि लोगों की सुरक्षा करना था।
छात्रों से बोले- कोचिंग बंद हुई तो बढ़ जाएगी फीस
इस बीच खान सर का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वह छात्रों को घटना से जुड़ी जानकारी देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में उन्होंने दावा किया कि मुद्दे को भटकाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर खान ग्लोबल स्टडीज बंद हो गया तो आने वाले समय में अन्य कोचिंग संस्थानों की फीस में भारी बढ़ोतरी हो सकती है।
वकील का दावा- सीधे फायरिंग का आरोप नहीं
खान सर के वकील सूर्य प्रकाश सिन्हा का कहना है कि एफआईआर में उनके मुवक्किल पर सीधे गोली चलाने का आरोप नहीं लगाया गया है। उन्होंने कहा कि हत्या के प्रयास से जुड़ी धारा जरूर लगाई गई है, लेकिन ऐसा कोई आरोप नहीं है जिससे यह साबित हो कि किसी व्यक्ति को निशाना बनाकर गोली चलाई गई थी।
SSP बोले- जांच के आधार पर होगी कार्रवाई
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि सुरक्षाकर्मियों के हथियारों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।