कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ईरानी ड्रोन हमला बेहद गंभीर बताया जा रहा है। इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है, जबकि 63 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें ICU में रखा गया है। हमले के बाद एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के चलते कुछ समय के लिए एयर ट्रैफिक पूरी तरह रोकना पड़ा।
घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया
घटना के बाद मौके पर तुरंत 25 एम्बुलेंस भेजी गईं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कई लोगों को सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। भारतीय दूतावास ने भी स्थिति पर नजर रखते हुए शोक और सहायता का आश्वासन दिया है।
अमेरिकी ठिकानों पर हमले का दावा
रिपोर्ट्स के अनुसार ईरान ने कुवैत और आसपास मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर भी ड्रोन और मिसाइल हमलों का दावा किया है। हालांकि अमेरिकी सेंट्रल कमांड का कहना है कि कई हमलों को बीच रास्ते में ही रोक दिया गया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति को और अधिक तनावपूर्ण बना दिया है।
क्षेत्र में बढ़ता तनाव
मध्य पूर्व में ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। दोनों तरफ से हमले और जवाबी कार्रवाई के दावे किए जा रहे हैं। इससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा असर पड़ा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है।
ट्रम्प और नेतन्याहू बयान भी चर्चा में
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और इजराइली पीएम नेतन्याहू के बीच कथित बातचीत को लेकर नया विवाद सामने आया है। रिपोर्ट्स में तीखी बहस और अपशब्दों के इस्तेमाल के दावे किए गए हैं, हालांकि बाद में कुछ पक्षों ने इन रिपोर्ट्स को गलत बताया है।