झारखंड के लातेहार जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। चंदवा थाना क्षेत्र के डेटटंगवा घाटी के पास एक तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले बाइक को टक्कर मारी और इसके बाद यात्रियों से भरे ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया।हादसा इतना भीषण था कि बाइक और ऑटो कंटेनर के नीचे दब गए। इस दुर्घटना में 6 लोगों की मौके पर ही मौत होने की सूचना है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
लोहरदगा से चंदवा की ओर आ रहा था कंटेनर
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कंटेनर लोहरदगा से चंदवा की ओर जा रहा था। इसी दौरान डेटटंगवा घाटी के पास सामने से आ रही बाइक और ऑटो इसकी चपेट में आ गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चंदवा की ओर से एक ऑटो और बाइक सवार लोहरदगा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान कंटेनर ने दोनों वाहनों को टक्कर मार दी।
कंटेनर के नीचे दबे बाइक और ऑटो
टक्कर के बाद बाइक और ऑटो कंटेनर के नीचे दब गए। हादसे में ऑटो और बाइक सवारों को गंभीर चोटें आईं और 6 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। कई अन्य लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। प्रशासन और पुलिस की ओर से मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित होने की सूचना है।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद चंदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दुर्घटना किस वजह से हुई और कंटेनर की गति कितनी थी। जांच के बाद हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।