नई दिल्ली: सोमवार को लोकसभा में नए तृणमूल गुट के आत्मप्रकाश की संभावना के बीच बागी खेमे की नेता काकली घोष दस्तिदार ने बड़ा बयान दिया है। उनका दावा है कि बागी गुट में सांसदों की संख्या 20 नहीं बल्कि 22 है। इसका मतलब है कि दो और सांसद जल्द ही दिल्ली में उनके गुट के साथ जुड़ सकते हैं। हालांकि, ये दो सांसद कौन हैं, इस बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
अलग ब्लॉक बनाने की मांग की तैयारी
सूत्रो के अनुसार, तृणमूल के बागी सांसद सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर अलग ब्लॉक के गठन की मांग कर सकते हैं। इसके जरिए वे संसद में अपने गुट को अलग पहचान दिलाने की कोशिश करेंगे।
असली तृणमूल के दावे की संभावना
वहीं एक और राजनीतिक संभावना यह भी जताई जा रही है कि बागी सांसद अलग ब्लॉक बनाने के बजाय काकली घोष दस्तिदार और शताब्दी रॉय जैसे नेताओं के नेतृत्व में खुद को असली तृणमूल के रूप में पेश कर सकते हैं। ऐसी स्थिति में लोकसभा में पार्टी नेता के पद से अभिषेक बनर्जी को हटाकर सुदीप बंद्योपाध्याय के नाम का प्रस्ताव रखा जा सकता है। साथ ही मुख्य सचेतक के पद पर पहले की तरह काकली घोष दस्तिदार को बनाए रखने की भी मांग हो सकती है।
बैठने की व्यवस्था बदलने की मांग
इसके अलावा बागी गुट यह भी मांग कर सकता है कि संसद में उनके बैठने की व्यवस्था विपक्षी खेमे से हटाकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सांसदों के साथ की जाए।