नई दिल्ली। आम लोगों की रसोई का बजट एक बार फिर बिगड़ने वाला है। घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें रात 12 बजे से लागू हो गई हैं। इसके बाद राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू गैस सिलेंडर अब ₹913 की जगह ₹942 में मिलेगा। चौंकाने वाली बात यह है कि पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है, जब सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। मार्च में 60 रुपए की बढ़ोतरी के बाद अब 29 रुपए और बढ़ा दिए गए हैं। यानी महज तीन महीने में घरेलू LPG सिलेंडर कुल 89 रुपए महंगा हो चुका है।
तीन महीने में दूसरी बार बढ़े दाम
इससे पहले 7 मार्च को घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए का इजाफा किया गया था। अब 29 रुपए की नई बढ़ोतरी के बाद उपभोक्ताओं पर महंगाई का बोझ और बढ़ गया है। नई कीमत लागू होने के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला सिलेंडर ₹942 में मिलेगा।
तेल कंपनियों ने क्यों बढ़ाई कीमतें?
समाचार एजेंसी PTI के सूत्रों के मुताबिक, सरकारी तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा की कीमतें बढ़ने और घरेलू बिक्री में नुकसान के कारण कीमतों में इजाफा करना पड़ा है। कंपनियों का दावा है कि बढ़ी हुई कीमतों के बावजूद उन्हें पूरी लागत की भरपाई नहीं हो पाएगी।
हर सिलेंडर पर ₹703 के नुकसान का दावा
PTI की रिपोर्ट के अनुसार सरकारी तेल कंपनियों को प्रत्येक घरेलू LPG सिलेंडर पर करीब 703 रुपए का नुकसान हो रहा था। कंपनियों का कहना है कि ताजा बढ़ोतरी से नुकसान की केवल आंशिक भरपाई ही हो सकेगी।
छोटे सिलेंडर भी हुए महंगे
14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर के अलावा 5 किलोग्राम वाले छोटे LPG सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद इसकी नई कीमत 821.50 रुपए हो गई है।
बड़े शहरों में घरेलू LPG सिलेंडर के नए दाम
| शहर | पुराने दाम | नए दाम | अंतर |
|---|---|---|---|
| दिल्ली | ₹913.00 | ₹942.00 | ₹29.00 |
| कोलकाता | ₹939.00 | ₹968.00 | ₹29.00 |
| मुंबई | ₹912.50 | ₹941.50 | ₹29.00 |
| चेन्नई | ₹928.50 | ₹957.50 | ₹29.00 |
| भोपाल | ₹918.50 | ₹947.50 | ₹29.00 |
| जयपुर | ₹916.50 | ₹945.50 | ₹29.00 |
| पटना | ₹1011.00 | ₹1040.00 | ₹29.00 |
| रायपुर | ₹984.00 | ₹1013.00 | ₹29.00 |
पेट्रोल, डीजल और CNG भी पहले ही हो चुके हैं महंगे
LPG से पहले पेट्रोल, डीजल और CNG की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिल चुकी है। मई में पेट्रोल और डीजल के दाम कुल 7.50 रुपए प्रति लीटर बढ़े। CNG की कीमतों में करीब 6 रुपए प्रति किलो का इजाफा हुआ। कंपनियों का दावा है कि पेट्रोल पर 11 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर 33.6 रुपए प्रति लीटर का नुकसान हो रहा है। सरकार का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ी कीमतों का पूरा बोझ उपभोक्ताओं पर नहीं डाला गया है और उसका एक हिस्सा तेल कंपनियां खुद वहन कर रही हैं।
कैसे तय होती है LPG सिलेंडर की कीमत?
घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत कई कारकों पर निर्भर करती है। इनमें प्रमुख हैं-
अंतरराष्ट्रीय बाजार में LPG की कीमतें।
डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति।
गैस आयात और परिवहन का खर्च।
बॉटलिंग प्लांट और डिस्ट्रीब्यूशन लागत।
तेल कंपनियों की मूल्य निर्धारण नीति।
सरकार की टैक्स और सब्सिडी से जुड़ी नीतियां।
रसोई का बजट फिर बिगड़ेगा
लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों के बीच घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में यह नई बढ़ोतरी आम परिवारों की मासिक खर्च सूची पर सीधा असर डालेगी। खासकर मध्यम वर्ग और कम आय वाले परिवारों के लिए यह बढ़ी हुई कीमतें अतिरिक्त बोझ बन सकती हैं।