नई दिल्ली/कोलकाता: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन की लहर के बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेताओं की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला कृष्णनगर की सांसद महुआ मोइत्रा से जुड़ा है, जिन्हें विमान के भीतर सहयात्रियों के कड़े विरोध और नारेबाजी का सामना करना पड़ा।
विमान के भीतर मचा हंगामा
शुक्रवार को जब महुआ मोइत्रा दिल्ली जाने के लिए इंडिगो की फ्लाइट में सवार हुईं, तो वहां मौजूद कुछ यात्री अपनी सीटों से खड़े हो गए और उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। यात्रियों ने चिल्लाते हुए कहा— ममता चोर है, अभिषेक चोर है तृणमूल के सारे लोग चोर (बुआ चोर है, भतीजा चोर है, तृणमूल के सब चोर हैं)। इस अचानक हुए हमले से सांसद बेहद असहज नजर आईं और चुपचाप अपनी सीट पर बैठ गईं। बाद में एयर होस्टेस ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया।
महुआ ने की 'नो-फ्लाई लिस्ट' की मांग
इस घटना से आक्रोशित महुआ मोइत्रा ने इंडिगो एयरलाइंस को टैग करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने मांग की है कि क्रू मेंबर्स की रिपोर्ट के आधार पर इन यात्रियों की पहचान की जाए, उनके नाम सार्वजनिक किए जाएं (Name and Shame) और उन्हें आजीवन के लिए 'नो-फ्लाई लिस्ट' में डाला जाए।
विपक्ष ने केंद्र को घेरा
महुआ ने इस घटना की जानकारी ममता बनर्जी, राहुल गांधी, अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल को टैग करते हुए साझा की है। टीएमसी समर्थकों ने इस घटना को सुरक्षा में बड़ी चूक बताते हुए केंद्र सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
बंगाल में जारी है विरोध का सिलसिला
गौरतलब है कि 2026 के चुनावी नतीजों के बाद से ही टीएमसी नेताओं को सार्वजनिक स्थानों पर विरोध झेलना पड़ रहा है। हाल ही में बैरकपुर में राज चक्रवर्ती पर कीचड़ फेंका गया और सुपरस्टार देव के खिलाफ भी 'चोर' के नारे लगे थे।