नई दिल्ली - दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद राहत की खबर सामने आई है। घटना के तीसरे दिन स्थानीय विधायक सतीश उपाध्याय और भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने अस्पताल पहुंचकर घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की तथा उनका हालचाल जाना।
रिकवरी बहुत तेज़ी से हो रही
मालवीय नगर के विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा कि लगातार तीसरे दिन अस्पताल का दौरा किया गया है और घायलों की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है। उन्होंने बताया कि जो मरीज वेंटिलेटर पर थे, उन्हें भी धीरे-धीरे वेंटिलेटर सपोर्ट से हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई मरीज अगले दो से तीन दिनों के भीतर पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से छुट्टी पा सकते हैं।
घायलों का बेहतर इलाज किया जा रहा है
भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता सतीश उपाध्याय ने डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि सभी घायलों का बेहतर इलाज किया जा रहा है और उनकी हालत लगातार सुधर रही है। उन्होंने ईश्वर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिले उपचार की वजह से मरीजों की रिकवरी उम्मीद से बेहतर रही है।
बांसुरी स्वराज ने घायलों से की मुलाकात
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज भी अस्पताल पहुंचीं और घायलों तथा उनके परिवारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना से प्रभावित लोगों के साथ खड़ा होना सरकार की जिम्मेदारी है और इसी उद्देश्य से वे अस्पताल पहुंची हैं। बांसुरी स्वराज ने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और सभी प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सा कर्मियों की भी सराहना की।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
बांसुरी स्वराज ने स्पष्ट किया कि अग्निकांड की जांच की जा रही है और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। स्वराज ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार दोनों उनके साथ खड़ी हैं।
कई लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है
उन्होंने कहा कि पीड़ितों के इलाज, पुनर्वास और सहायता से जुड़े सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं ताकि प्रभावित परिवार जल्द से जल्द सामान्य जीवन में लौट सकें। मालवीय नगर अग्निकांड के बाद राहत और बचाव कार्यों के साथ अब घायलों के उपचार और उनकी रिकवरी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि अधिकांश मरीजों की हालत पहले से बेहतर है और जल्द ही कई लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।