नई दिल्ली - दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज़ रानी इलाके के एक होटल में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। आग लगने की सूचना सुबह करीब 8:51 बजे मिली, जिसके बाद दमकल विभाग, पुलिस, आपदा प्रबंधन और अन्य एजेंसियों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दिल्ली पुलिस ने पुष्टि की है कि मालवीय नगर के एक रेस्टोरेंट में आग लगने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है।
LG ने जताया दुख, जांच के निर्देश
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद हादसा है और उनकी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ हैं। उपराज्यपाल ने अधिकारियों से बातचीत कर घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता, राहत कार्य और घटना की गहन जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बचाव कार्य में जुटी पुलिस, अग्निशमन और नागरिक प्रशासन की टीमों की सराहना भी की।
पीएम मोदी ने की मुआवजे की घोषणा
पीएम नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
राहत और बचाव अभियान जारी
प्रशासन ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर राहत और निगरानी का काम जारी है। घायलों के इलाज और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकारी तंत्र पूरी तरह सक्रिय है।