नई दिल्ली - दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग के बाद प्रशासन ने बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया। मालवीय नगर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक सतीश उपाध्याय ने बताया कि घटना सुबह 8:51 बजे हुई और सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंच गईं।
दमकल और बचाव दल ने संभाला मोर्चा
बीजेपी नेता सतीश उपाध्याय के अनुसार दमकल विभाग, आपदा प्रबंधन टीम, पुलिस और BSES ने तत्काल कार्रवाई की। आग फैलने से रोकने के लिए बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कर दी गई। बचाव अभियान के दौरान पुलिस और राहतकर्मियों ने मिलकर रेस्टोरेंट में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
47 लोगों की जान बचाई गई
विधायक ने बताया कि त्वरित कार्रवाई के चलते कुल 47 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। हालांकि हादसे में 20 से 21 लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि 7 से 8 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
प्रशासन के अनुसार अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित एजेंसियां घटना की जांच कर रही हैं ताकि हादसे की वास्तविक वजह सामने लाई जा सके।
सरकारी तंत्र पूरी तरह सक्रिय
सतीश उपाध्याय ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है, लेकिन समय पर हुई कार्रवाई के कारण आग पर नियंत्रण पा लिया गया। उन्होंने बताया कि सरकार का पूरा तंत्र राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है तथा प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।