नई दिल्ली - दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज़ रानी इलाके के एक होटल में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। आग लगने की सूचना सुबह करीब 8:51 बजे मिली, जिसके बाद दमकल विभाग, पुलिस, आपदा प्रबंधन और अन्य एजेंसियों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दिल्ली पुलिस ने पुष्टि की है कि मालवीय नगर के एक रेस्टोरेंट में आग लगने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। वहीं इस घटना पर बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने दुख व्यक्त किया और कहा कि आगे ऐसी घटना न हो।
ये बहुत दर्दनाक हादसा है - मनोज तिवारी
मालवीय नगर आगजनी की घटना पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि, ये बहुत दर्दनाक हादसा है। हमें सूचना मिली कि होटल के रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। अभी तक जो सूचना आ रही है उसके अनुसार 21 लोगों की मृत्यु की खबर है। सभी एजेंसियां घायलों को बचाने की कोशिश कर रही हैं। मन बहुत दुखी हुआ है ये सुनकर, ये बहुत दर्दनाक हादसा है। प्रयास है कि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। जांच की बात है कि क्या गड़बड़ी हुई जिस कारण ऐसी भीषण आगजनी की घटना घटी... लगातार प्रयास किया जा रहा है कि ऐसी छोटी-छोटी त्रुटियों को खत्म किया जाए।
भारद्वाज के बयान पर मनोज का पलटवार
वहीं आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज के बयान पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि, दोषी जो भी होगा वो बचेगा नहीं ये मैं विश्वास दिलाता हूं लेकिन इस समय राजनीतिक बातें करना अच्छा नहीं होता... दिल्ली सरकार सारी जानकारी लोगों के सामने रखेगी।
मालवीय नगर आगजनी की घटना पर सौरभ भारद्वाज का बयान...
AAP दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मालवीय नगर के एक रेस्टोरेंट में लगी आग की घटना पर कहा कि, फरवरी के अंदर पालन में आग लगी, 9 लोग जलकर मर गए। सरकार ने कहा जांच करवाएंगे लेकिन जांच की रिपोर्ट 3 महीने बाद भी नहीं आई। विवेक विहार में आग लगी, फायर ब्रिगेड में पानी नहीं था। अब 20 से 21 लोग यहां जलकर मरे हैं। सरकार को कहना चाहिए कि हमारी फायर ब्रिगेड लेट पहुंची, हमें इस बात का दुख है। लेकिन सरकार ने अपनी टूलकिट सक्रिय कर दी। जो लोग यहां पर मजबूरी वश बाहर से आए हैं, मजबूरी वश छोटे मकानों और होटलों में रहकर अपने परिवार के लोगों का इलाज करवा रहे हैं आप उल्टा उन्हीं पर दोष मढ़ रहे हैं? सरकार को अपनी जिम्मेदारी तय करनी चाहिए। सरकार जिम्मेदार अफसरों की जिम्मेदारी तय करे और ठोस कार्रवाई करे तो इस तरह से हादसे रुक सकते हैं।