नई दिल्ली - केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने जा रही है। पार्टी ने इस अभियान की थीम "12 साल : विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के" तय की है। इसके माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
5 जून से 21 जून तक चलेगा अभियान
जानकारी के अनुसार भाजपा 5 जून से 21 जून तक "12 साल बेमिसाल : विश्वास, विकास और जनकल्याण" अभियान का आयोजन करेगी। इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों, जिलों और गांवों में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ता और नेता आम जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी साझा करेंगे।
पांच बुकलेट के जरिए जनता तक पहुंचेगा रिपोर्ट कार्ड
अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी पांच विशेष बुकलेट तैयार कर रही है, जिनमें पिछले 12 वर्षों के दौरान केंद्र सरकार द्वारा किए गए कार्यों, विकास परियोजनाओं और जनकल्याण योजनाओं का विस्तृत विवरण होगा। इन बुकलेट्स के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखा जाएगा।
गांव-गांव पहुंचेगी भाजपा
पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे घर-घर और गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद करें। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत मिशन और अन्य प्रमुख योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
जनता से सीधे संवाद पर जोर
भाजपा का लक्ष्य केवल उपलब्धियां गिनाना नहीं, बल्कि जनता से सीधे संवाद स्थापित करना भी है। अभियान के दौरान विभिन्न सामाजिक, आर्थिक और विकासात्मक विषयों पर चर्चा होगी। पार्टी का मानना है कि पिछले 12 वर्षों में देश ने बुनियादी ढांचे, डिजिटल तकनीक, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है।
राष्ट्रीय स्तर पर होंगे कार्यक्रम
इस विशेष अभियान के तहत वृक्षारोपण, जनसभाएं, संवाद कार्यक्रम, प्रदर्शनी और लाभार्थी सम्मेलन जैसे कई आयोजन किए जाएंगे। भाजपा नेतृत्व का कहना है कि यह अभियान सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और जनता के साथ जुड़ाव को और मजबूत करने का माध्यम बनेगा।