नीस (फ्रांस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को फ्रांस के नीस शहर में फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस बैठक में प्रधानमंत्री के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और विदेश सचिव विक्रम मिस्री भी मौजूद रहे।
भारत-फ्रांस के बीच FTA, डिफेंस और AI सहित 13 बड़े समझौते हुए
इस दौरान भारत और फ्रांस के बीच कुल 13 महत्वपूर्ण समझौतों पर सहमति बनी। विदेश मंत्रालय के अनुसार, बैठक में रक्षा, व्यापार, टेक्नोलॉजी, स्पेस और शिक्षा जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा हुई। दोनों देशों ने अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने के लक्ष्य के साथ एक हाई-लेवल मैकेनिज्म और इकोनॉमिक सिक्योरिटी डायलॉग की शुरुआत भी की है।
‘भारत इनोवेट्स 2026’ कार्यक्रम का उद्घाटन
इससे पहले दोनों नेताओं ने ‘भारत इनोवेट्स 2026’ कार्यक्रम का उद्घाटन किया, जिसमें भारत, फ्रांस और अन्य देशों के स्टार्टअप्स और वेंचर कैपिटल फंड्स ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों प्रधानमंत्री मोदी को नीस के पास स्थित ऐतिहासिक विला केरीलोस घुमाने ले गए। यह फ्रांस की प्रमुख सांस्कृतिक विरासत स्थलों में शामिल है। यहां दोनों नेताओं ने सेल्फी ली
डोनाल्ड ट्रंप से होगी मुलाकात
प्रधानमंत्री मोदी 13 जून से फ्रांस और स्लोवाकिया के छह दिवसीय दौरे पर हैं। वे 17 जून को फ्रांस के एवियान में आयोजित G7 समिट में हिस्सा लेंगे, जहां उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से भी मुलाकात की संभावना है। बैठक में व्यापार समझौते को लेकर चर्चा होने की उम्मीद है।