नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून के 4 जून तक केरलम तट पर पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि मानसून की प्रगति अनुकूल बनी हुई है। सामान्य तौर पर मानसून 1 जून के आसपास केरलम में दस्तक देता है और इसके बाद करीब डेढ़ महीने में पूरे देश में फैल जाता है।
कई राज्यों में बदला मौसम का मिजाज
जून की शुरुआत के साथ ही देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और बिहार समेत 23 राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि देखने को मिली है। बादलों की मौजूदगी और वर्षा के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
मध्यप्रदेश और राजस्थान में हादसे
मौसम में आए बदलाव के बीच कुछ स्थानों पर हादसों की भी खबरें सामने आई हैं। मध्य प्रदेश के नीमच जिले में सोमवार रात एक मकान की छत गिरने से मां और बेटे की मौत हो गई। वहीं राजस्थान के जैसलमेर और बाड़मेर जिलों में दीवार ढहने की घटनाओं में दो बच्चों सहित तीन लोगों की जान चली गई।
आगरा में बारिश से जलभराव
उत्तर प्रदेश के आगरा में मंगलवार सुबह करीब एक घंटे तक तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। भारी बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई और सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि एक इलाके में फुटपाथ धंसने से करीब 25 फीट गहरा गड्ढा बन गया।
अगले दिनों में और बढ़ेगी बारिश की गतिविधि
मौसम विभाग के अनुसार मानसून के आगे बढ़ने के साथ दक्षिण और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में वर्षा की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। वहीं उत्तर और मध्य भारत में भी अगले कुछ दिनों तक आंधी, बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।