नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने इस बार रफ्तार पकड़ ली है और रविवार तक देश के 12 राज्यों में पहुंच चुका है। जहां एक तरफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में प्री-मानसून बारिश से मौसम सुहाना हुआ है, वहीं दूसरी ओर दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में दोबारा भीषण गर्मी और लू का खतरा मंडरा रहा है। इस बीच दिल्ली एयरपोर्ट पर तेज आंधी और बारिश के कारण एअर इंडिया के तीन विमान क्षतिग्रस्त हो गए।
4 दिन में 12 राज्यों तक पहुंचा मानसून
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, मानसून ने पूरे केरल, कर्नाटक, मणिपुर, नगालैंड और मिजोरम को कवर कर लिया है। रविवार को इसने त्रिपुरा, असम और अरुणाचल प्रदेश में भी दस्तक दे दी। इससे पहले शनिवार को मानसून महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में पहुंचा था।
MP-यूपी में बारिश, राजस्थान में गिरे ओले
मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हैं। इंदौर-खंडवा हाईवे पर तेज आंधी के चलते एक ऑटो पलट गया। वहीं राजस्थान के श्रीगंगानगर में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा असर, एअर इंडिया के 3 विमान डैमेज
राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को आई तेज आंधी और बारिश के दौरान ग्राउंड सपोर्ट उपकरणों की टक्कर से एअर इंडिया के तीन नैरो बॉडी विमान क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद तीनों विमानों को फिलहाल ऑपरेशन से बाहर कर दिया गया है।
बारिश के बाद फिर बढ़ेगी गर्मी
दिल्ली-NCR में सोमवार से मौसम एक बार फिर करवट लेगा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने और हीटवेव जैसी परिस्थितियां बनने की चेतावनी दी है।
राजस्थान-पंजाब समेत कई राज्यों में लू का अलर्ट
IMD के अनुसार पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में 7 से 11 जून के बीच हीटवेव का असर देखने को मिल सकता है। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि श्रीगंगानगर 44.8 डिग्री सेल्सियस के साथ राजस्थान का सबसे गर्म शहर रहा।
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम?
9 जून
केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की संभावना। बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में आंधी-तूफान के साथ बारिश। पूर्वी राजस्थान में 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
10 जून
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश। दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना। बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।