देशभर में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो से तीन दिनों में केरलम और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में दस्तक दे सकता है। सामान्य तौर पर मानसून 1 जून तक केरलम पहुंच जाता है, लेकिन इस बार अल नीनो के प्रभाव के कारण इसकी रफ्तार धीमी रही। हालांकि दक्षिण भारत और महाराष्ट्र के कई इलाकों में प्री-मानसून बारिश की गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं।
पश्चिमी विक्षोभ से कमजोर पड़ा नौतपा
उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते नौतपा का असर पिछले कुछ दिनों से कमज़ोर पड़ गया है। भीषण गर्मी और लू की स्थिति से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अधिकांश क्षेत्रों में लू चलने की संभावना नहीं है।
मानसून के लिए अनुकूल बने हालात
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी हवाओं के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इन हवाओं की सक्रियता बढ़ने से केरलम, तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
जुलाई मध्य तक पूरे देश में फैल सकता है मानसून
मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून अगले कुछ दिनों में बंगाल की खाड़ी के कई अन्य हिस्सों में भी आगे बढ़ेगा। सामान्य परिस्थितियों में 15 जुलाई तक मानसून पूरे देश को कवर कर लेता है और इस बार भी इसी अवधि के आसपास इसके पूरे भारत में फैलने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-यूपी समेत उत्तर भारत में बारिश का दौर
उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी हो सकता है। इसके चलते जम्मू-कश्मीर से लेकर उत्तराखंड तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
5 जून तक आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के आसार
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 5 जून तक हल्की से मध्यम बारिश, आंधी और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है। दिल्ली में तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है।
अहमदाबाद में बदला मौसम, लोगों को मिली राहत
गुजरात के अहमदाबाद में भी मौसम ने अचानक करवट ली। शहर के कई हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की बारिश का दौर देखने को मिला। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को भीषण गर्मी व उमस से राहत मिली।