नई दिल्ली। तीन दिन की देरी से केरल पहुंचने के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु के तटीय इलाकों से आगे बढ़ते हुए मानसून निर्धारित समय पर गोवा पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में इसकी सक्रियता और बढ़ सकती है, जिससे मुंबई में भी समय से पहले या तय समय पर मानसून दस्तक दे सकता है।
केरल में भारी बारिश, रेड अलर्ट जारी
मानसून की सक्रियता के कारण पणजी, बेंगलुरु, सलेम और पंबन समेत कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की जा रही है। वहीं केरल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत की ओर बढ़ रहा मानसून
अगले तीन दिनों के दौरान मानसून के असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों तक पहुंचने का अनुमान है। इसके अलावा अगले 10 दिनों में बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी मानसून के प्रवेश की संभावना जताई गई है। हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ सकती है, क्योंकि बंगाल की खाड़ी में फिलहाल ऐसा कोई मजबूत सिस्टम सक्रिय नहीं है, जो मानसूनी हवाओं को तेजी से आगे बढ़ा सके।
राजस्थान में आंधी-बारिश का कहर, चार लोगों की मौत
देश के अधिकांश हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं। इसी बीच राजस्थान में शुक्रवार को धूलभरी आंधी और तेज बारिश के कारण चार लोगों की मौत हो गई। कई इलाकों में पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की भी खबरें सामने आई हैं।
बारिश की कमी में तेजी से हुआ सुधार
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 5 जून तक देशभर में सामान्य से 14 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि पिछले चार दिनों के दौरान वर्षा की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ है और बारिश की कमी 40 प्रतिशत से घटकर 14 प्रतिशत पर आ गई है।
6 जून के लिए मौसम विभाग का अलर्ट
6 जून को केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में तेज हवाओं और आंधी-तूफान की संभावना व्यक्त की गई है।
7 जून को भी जारी रहेगा असर
7 जून को केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और आंध्र प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। राजस्थान में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसके साथ ही पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार और झारखंड में भी गरज-चमक और बारिश का प्रभाव बना रह सकता है।