मुंबई - मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोना तस्करी के एक संगठित अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन में करीब 4.2 करोड़ रुपये मूल्य का 24 कैरेट विदेशी सोना जब्त किया गया है, जिसे दुबई से भारत लाया जा रहा था।
अवैध तरीके से सोने की तस्करी
जानकारी के अनुसार, जब्त किए गए सोने का कुल वजन लगभग 2.6 किलोग्राम (2,600 ग्राम) है। यह सोना बेहद शुद्ध 24 कैरेट क्वालिटी का बताया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी गई है। DRI की जांच में सामने आया है कि यह पूरा रैकेट दुबई से मुंबई तक फैले एक संगठित तस्करी नेटवर्क के जरिए संचालित हो रहा था। इस गिरोह में नवी मुंबई का एक जौहरी भी अहम भूमिका निभा रहा था, जो अपने सहयोगियों के साथ मिलकर अवैध तरीके से सोने की तस्करी और उसकी मार्केटिंग का काम कर रहा था।
तीन लोगों को गिरफ्तार किया है
एजेंसी ने इस मामले में जौहरी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसका अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन कितना बड़ा है। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई सोना तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है, जिसमें एयरपोर्ट्स के जरिए होने वाली अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।