मुंबई। भिंडी बाजार इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की रहस्यमयी मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती जांच में जिस तरबूज को मौत की वजह माना जा रहा था, अब उसी के सैंपल में जहरीला पदार्थ मिलने की पुष्टि हुई है।
फॉरेंसिक जांच में मिला जिंक फॉस्फाइड
जांच एजेंसियों के मुताबिक मृतकों के शरीर में जिंक फॉस्फाइड (Zinc Phosphide) के अंश पाए गए हैं। यह वही खतरनाक रसायन है, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर चूहे मारने की दवा में किया जाता है। इतना ही नहीं, जिस तरबूज को खाने के बाद परिवार की तबीयत बिगड़ी थी, उसके नमूनों में भी यही जहरीला पदार्थ मिला है।
11 दिन बाद सामने आया बड़ा सच
करीब 11 दिनों की जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद यह सनसनीखेज खुलासा हुआ। 26 अप्रैल को डोकाडिया परिवार के चार सदस्यों की अचानक मौत से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। मृतकों की पहचान अब्दुल्ला डोकाडिया (44), उनकी पत्नी नसरीन (35), बेटी आयेशा (16) और झैनब (13) के रूप में हुई थी।
तरबूज खाने के बाद बिगड़ी थी हालत
परिजनों के अनुसार परिवार ने रात में तरबूज खाया था, जिसके कुछ देर बाद सभी को उल्टियां शुरू हो गईं। हालत बिगड़ने पर उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई।
साजिश के सबूत नहीं मिले
पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में किसी आपराधिक साजिश या संदिग्ध गतिविधि के सबूत नहीं मिले हैं। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि तरबूज में जहर कैसे पहुंचा।