मुंबई: मुंबई के कांदिवली वेस्ट इलाके में सोमवार तड़के एक कमर्शियल बिल्डिंग में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग कांदिवली स्टेशन रोड स्थित अभिराही होटल के पास एक चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में लगी। घटना की सूचना मुंबई फायर ब्रिगेड के कंट्रोल रूम को सुबह करीब 4:14 बजे मिली।
धुएं से भर गई पूरी इमारत
आग लगने के बाद बिल्डिंग में काफी धुआं भर गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग इलेक्ट्रिकल वायरिंग और इंस्टॉलेशन के साथ लकड़ी के फर्नीचर, तिरपाल, बांस तथा प्लास्टिक और एल्युमिनियम की सजावटी सामग्री तक सीमित रही। चौथी मंजिल पर स्थित तिरुपति बैंक्वेट के करीब 50 वर्ग फीट हिस्से में भी फर्नीचर, कपड़े और फॉल्स सीलिंग प्रभावित हुई।
दूसरी मंजिल के लॉजिंग हाउस से 11 लोगों का रेस्क्यू
इमारत में धुआं भरने के बावजूद फायर ब्रिगेड की टीम ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। दमकलकर्मियों ने दूसरी मंजिल पर मौजूद एक लॉजिंग हाउस से 11 लोगों को सीढ़ियों के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
चार फायर इंजन मौके पर पहुंचे
आग पर काबू पाने के लिए मुंबई फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। अधिकारियों के अनुसार, करीब 6:07 बजे तक आग बुझा दी गई। शुरुआती तौर पर आग को लेवल-1 फायर की श्रेणी में रखा गया है।
आग लगने की वजह की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण का पता नहीं चल पाया है। संबंधित अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं। शुरुआती जानकारी में किसी जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है, जबकि इमारत और उसमें मौजूद सामान को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।