प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 जून को भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने यह उपलब्धि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़कर हासिल की है। मोदी ने 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और आज उनके कार्यकाल के 4399 दिन पूरे हो गए हैं।
मोदी सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बने
इससे पहले यह रिकॉर्ड जवाहरलाल नेहरू के नाम था, जिन्होंने कुल 4398 दिनों तक प्रधानमंत्री पद संभाला था। नेहरू स्वतंत्रता के बाद 15 अगस्त 1947 से 13 मई 1952 तक प्रधानमंत्री रहे और इसके बाद 1952 के आम चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद वे 13 मई 1952 से 27 मई 1964 तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बने रहे।वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह लगातार तीसरा कार्यकाल है और इस उपलब्धि को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।
आज दिल्ली में NDA संसदीय दल की अहम बैठक
प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आज दिल्ली के भारत मंडपम में एनडीए संसदीय दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में एनडीए शासित 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, भाजपा नेतृत्व और सहयोगी दलों के प्रमुख नेता शामिल होंगे।
मोदी सरकार के 13 बड़े फैसले
1 जुलाई 2015: डिजिटल इंडिया सरकार ने देश में इंटरनेट और ऑनलाइन सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए डिजिटल इंडिया अभियान शुरू किया। इसके बाद ऑनलाइन भुगतान और सरकारी सेवाएं लोगों तक तेजी से पहुंचने लगीं।
29 सितंबर 2016: सर्जिकल स्ट्राइक उरी हमले के बाद भारतीय सेना ने सीमा पार जाकर आतंकियों के ठिकानों पर हमला किया। यह पहली बार था जब सरकार ने ऐसी कार्रवाई की सार्वजनिक जानकारी दी।
8 नवंबर 2016: नोटबंदी 500 और 1000 रुपए के नोट बंद कर दिए गए। लोगों को पुराने नोट बदलने और नए नोट लेने के लिए बैंकों में जाना पड़ा।
1 जुलाई 2017: GST लागू देशभर में एक नई टैक्स व्यवस्था शुरू हुई। कई अलग-अलग टैक्स हटाकर एक सिस्टम बनाया गया।
26 फरवरी 2019: बालाकोट एयर स्ट्राइक पुलवामा हमले के बाद भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकी ठिकानों पर हवाई हमला किया।
31 जुलाई 2019: तीन तलाक कानून एक बार में तीन तलाक बोलकर शादी खत्म करने की प्रथा को कानूनन अपराध बना दिया गया।
5 अगस्त 2019: अनुच्छेद 370 हटाया जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म कर दिया गया। साथ ही लद्दाख को अलग केंद्र शासित प्रदेश बनाया गया।
11 दिसंबर 2019: CAA कानून पड़ोसी देशों से आए कुछ गैर-मुस्लिम शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता देने का रास्ता आसान किया गया।
2020-22: कोरोना और वैक्सीनेशन अभियान कोरोना महामारी के दौरान देश में लॉकडाउन लगाया गया और 220 करोड़ कोरोना के टीके लगाए गए।
28 मई 2023: नया संसद भवनदिल्ली में नए संसद भवन का उद्घाटन हुआ। अब संसद की कार्यवाही इसी नई इमारत में होती है।
9-10 सितंबर 2023: G20 सम्मेलन दुनिया के बड़े देशों के नेताओं की बैठक दिल्ली में हुई। भारत पहली बार इस सम्मेलन का मेजबान बना।
22 जनवरी 2024: राम मंदिर अयोध्या में राम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा हुई। इस दिन मंदिर आम लोगों के लिए भी खुल गया।
7 मई 2025: ऑपरेशन सिंदूर पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकियों के ठिकानों पर हमला किया। 100 से अधिक आतंकी हमले में मारे गए। इसे आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना गया।