नई दिल्ली। भारत आज राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस (National Space Day) मना रहा है। 23 अगस्त 2023 को चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र के पास सफल सॉफ्ट लैंडिंग की ऐतिहासिक उपलब्धि की याद में हर साल 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्रियों और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने देश के वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े लोगों को शुभकामनाएं दीं। चंद्रयान-3 की सफलता ने भारत की अंतरिक्ष क्षमता को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई। इस ऐतिहासिक मिशन के पीछे भारतीय वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की वर्षों की मेहनत, तकनीकी दक्षता और दृढ़ संकल्प रहा।
नितिन गडकरी ने वैज्ञानिकों को किया सलाम
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के मौके पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भारतीय अंतरिक्ष यात्रा को याद किया। उन्होंने शुरुआती अंतरिक्ष अभियानों से लेकर चंद्रयान मिशन तक की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और इनोवेटर्स की प्रतिभा, मेहनत और साहस को सलाम किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियां युवाओं में जिज्ञासा पैदा करेंगी और नई पीढ़ी को विज्ञान एवं अंतरिक्ष के क्षेत्र में नई सीमाएं तलाशने के लिए प्रेरित करेंगी।
मनोहर लाल ने ISRO वैज्ञानिकों को दी बधाई
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने भी राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर देश के वैज्ञानिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि 23 अगस्त 2023 को चंद्रयान-3 की सफल सॉफ्ट लैंडिंग ने भारत के अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने इसरो के वैज्ञानिकों और पूरी टीम के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि स्वदेशी तकनीक और वैज्ञानिक क्षमता के दम पर भारत ने वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख अंतरिक्ष शक्ति के रूप में अपनी पहचान मजबूत की है।
सीएम योगी ने बताया भारत की साहसिक उड़ान का उत्सव
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर वैज्ञानिकों और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इसे चंद्रमा से लेकर अंतरिक्ष की अनंत संभावनाओं तक भारत की वैज्ञानिक और तकनीकी यात्रा का उत्सव बताया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विज्ञान, अनुसंधान और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने इसे विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती देने वाली उपलब्धि बताया।
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने वैज्ञानिकों को किया नमन
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस 23 अगस्त 2023 को चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक लैंडिंग की याद में मनाया जाता है। उन्होंने इस उपलब्धि को भारत के अंतरिक्ष इतिहास का गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने भारतीय वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की दूरदृष्टि, साहस और क्षमता की सराहना की। साथ ही दिल्ली में छात्रों के बीच STEM शिक्षा और वैज्ञानिक जिज्ञासा को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता भी जताई।
नायब सिंह सैनी ने चंद्रयान-3 की सफलता को बताया गौरव
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंद्रयान-3 की सफलता को भारत के अंतरिक्ष सपनों को नई उड़ान देने वाली ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने विक्रम लैंडर की सुरक्षित लैंडिंग और प्रज्ञान रोवर की चंद्र सतह पर यात्रा को भारत की वैज्ञानिक यात्रा का महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया। उन्होंने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए वैज्ञानिकों के योगदान को नमन किया।
हर्ष संघवी ने कहा- चांद पर तिरंगे की शान
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए चंद्रयान-3 की सफलता को भारत की वैज्ञानिक क्षमता और अंतरिक्ष क्षेत्र में बढ़ती ताकत का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि चंद्रमा पर तिरंगे की शान भारत के वैज्ञानिक सामर्थ्य और वैज्ञानिकों के अथक परिश्रम की पहचान है।
चंद्रयान-3 ने रचा था इतिहास
23 अगस्त 2023 को चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर ने चंद्रमा की सतह पर सफल सॉफ्ट लैंडिंग की थी। इसके साथ भारत चंद्रमा पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला चौथा देश बना और चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र के पास उतरने वाला पहला देश बना। इसी ऐतिहासिक उपलब्धि की स्मृति में 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया जाता है।