राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा 3 मई, रविवार को NEET UG 2026 परीक्षा आयोजित की जा रही है। यह परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक एक ही पाली में पेन-एंड-पेपर मोड में होगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय दिया जाएगा, जिससे वे शाम 6 बजे तक परीक्षा दे सकेंगे। एनटीए के अनुसार, यह परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में 5,432 से अधिक केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। करीब 22.79 लाख उम्मीदवार इसमें शामिल हो रहे हैं, जिससे यह दुनिया की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में से एक बन गई है।
22.79 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल
परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए एनटीए ने व्यापक तैयारियां की हैं। शहर स्तर पर निगरानी के लिए 674 सिटी कोऑर्डिनेटर्स तैनात किए गए हैं, जबकि परीक्षा केंद्रों पर 6,000 से अधिक ऑब्जर्वर्स नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा हर केंद्र पर सेंटर सुपरिंटेंडेंट और निरीक्षकों की भी तैनाती रहेगी। गोपनीय सामग्री के सुरक्षित परिवहन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग लिया जा रहा है। कुल मिलाकर 2 लाख से अधिक कर्मचारी इस परीक्षा के संचालन में जुटे हैं।
परीक्षार्थियों के लिए ड्रेस कोड
पुरुष अभ्यर्थियों को कैजुअल पैंट, ट्राउजर या जींस पहनने की अनुमति है। उन्हें चप्पल पहनने की सलाह दी गई है, जूते से बचें। साथ ही टोपी, मफलर या सिर ढकने वाली किसी भी चीज की अनुमति नहीं होगी।
महिला अभ्यर्थियों को लेगिंग या ट्राउजर पहनना होगा और साधारण सैंडल पहनने की सलाह दी गई है। जूते, हैंडबैग या पर्स परीक्षा केंद्र में ले जाना प्रतिबंधित है। साथ ही मेहंदी लगाने से भी बचने की सलाह दी गई है।