नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने दावा किया कि भारत की कूटनीतिक कोशिशों के बावजूद पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग नहीं पड़ा और सरकार ऑपरेशन को लेकर सच्चाई छिपा रही है।
कांग्रेस ने सरकार पर उठाए सवाल
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि 10 मई 2025 को युद्धविराम की पहली घोषणा अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने की थी। उन्होंने दावा किया था कि यह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्तक्षेप से संभव हुआ।
‘PM मोदी ने कभी नहीं किया खंडन’
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि डोनाल्ड ट्रंप ने कई बार इस दावे को दोहराया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से कभी इसका स्पष्ट खंडन नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि इससे सरकार की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।
जनरल अनिल चौहान के बयान का भी किया जिक्र
जयराम रमेश ने 30 मई 2025 को सिंगापुर में दिए गए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान के बयान का भी हवाला दिया। उन्होंने कहा कि शुरुआती चरण में भारत को सामरिक गलतियों की वजह से नुकसान उठाना पड़ा था, हालांकि बाद में भारतीय सेना ने पाकिस्तान के भीतर सटीक हमले किए।
पाकिस्तान पर भी कांग्रेस का तंज
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि 2008 मुंबई हमले के बाद जिस तरह पाकिस्तान वैश्विक स्तर पर अलग-थलग पड़ा था, वैसा इस बार नहीं हुआ। पार्टी ने यह भी कहा कि पाकिस्तान सेना प्रमुख असीम मुनीर को अमेरिकी नेतृत्व से असाधारण गर्मजोशी मिली।