पटना - भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और "पावर स्टार" के नाम से मशहूर पवन सिंह को भारतीय जनता पार्टी ने बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की सूची जारी होते ही उनके समर्थकों और प्रशंसकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
पवन सिंह को पार्टी में बड़ा दायित्व मिलेगा !
बीजेपी द्वारा घोषित सूची में पवन सिंह के साथ वरिष्ठ नेता संजय मयूख का नाम भी शामिल है। लंबे समय से राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा चल रही थी कि पवन सिंह को पार्टी किसी बड़े दायित्व के लिए आगे बढ़ा सकती है। अब विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाए जाने के बाद इन अटकलों पर विराम लग गया है।
टिकट मिलने के बाद जताया आभार
उम्मीदवारी की घोषणा के बाद पवन सिंह ने भारतीय जनता पार्टी और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वे दिल से धन्यवाद और आभार व्यक्त करते हैं। पवन सिंह ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी को मेरे ऊपर विश्वास जताने के लिए दिल से धन्यवाद एवं आभार। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और समर्थक उन्हें लगातार बधाइयां दे रहे हैं।
राजनीति में बढ़ेगा प्रभाव
भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी मजबूत पहचान बनाने वाले पवन सिंह का बिहार और पूर्वांचल के क्षेत्रों में बड़ा जनाधार माना जाता है। उनके गाने और फिल्में करोड़ों लोगों के बीच लोकप्रिय हैं। ऐसे में बीजेपी का यह फैसला राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पवन सिंह की लोकप्रियता पार्टी को युवाओं और भोजपुरी भाषी मतदाताओं के बीच और मजबूती प्रदान कर सकती है। वहीं, उनके समर्थकों का कहना है कि कला और समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहने के बाद अब वे राजनीति के माध्यम से जनता की सेवा करेंगे।
समर्थकों में उत्साह
उम्मीदवारी की घोषणा के बाद बिहार समेत देशभर में मौजूद पवन सिंह के प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर की। कई समर्थकों ने इसे भोजपुरी समाज के लिए गर्व का क्षण बताया और उनके राजनीतिक सफर के लिए शुभकामनाएं दीं। अब सभी की निगाहें विधान परिषद चुनाव पर टिकी हैं, जहां पवन सिंह पहली बार औपचारिक रूप से चुनावी राजनीति में बड़ी भूमिका निभाते नजर आएंगे।