नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र में अपनी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह पूरा कार्यकाल विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित रहा है। पीएम मोदी ने दावा किया कि 140 करोड़ देशवासियों के आशीर्वाद और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ सरकार ने युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों के सशक्तीकरण के लिए लगातार काम किया है, जिससे भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी एक नई पहचान बनाई है।
‘भरोसे और विकास को समर्पित रहे 12 साल’
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि उनकी सरकार के पिछले 12 वर्ष भरोसे, विकास और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने देश के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए नीतियां बनाई हैं और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ रही है। पीएम ने कहा कि आने वाले समय में भी सरकार सेवा, सुशासन और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ती रहेगी।
9 प्रमुख क्षेत्रों में गिनाईं उपलब्धियां
प्रधानमंत्री ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को नौ प्रमुख क्षेत्रों—गरीब कल्याण, नारी शक्ति, राष्ट्र निर्माण, युवा शक्ति, स्वास्थ्य, किसान कल्याण, मध्यम वर्ग, राष्ट्रीय सुरक्षा और सांस्कृतिक विरासत—में बांटकर प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि सरकार का सबसे बड़ा फोकस जनकल्याण रहा है और इसी कारण करोड़ों लोगों तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचा है।
गरीब कल्याण और सामाजिक सुरक्षा पर जोर
पीएम मोदी ने बताया कि 81 करोड़ से अधिक लोगों को हर महीने मुफ्त राशन दिया जा रहा है, जिससे खाद्य सुरक्षा मजबूत हुई है। इसके अलावा 4 करोड़ से अधिक प्रधानमंत्री आवास बनाए गए हैं और 10.5 करोड़ से ज्यादा उज्ज्वला गैस कनेक्शन वितरित किए गए हैं। साथ ही 12 करोड़ शौचालयों के निर्माण से स्वच्छता और स्वास्थ्य में बड़ा सुधार हुआ है।
नारी शक्ति को मिली नई पहचान
प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए बड़े कदम उठाए गए हैं। 32 करोड़ से अधिक महिलाओं के जन-धन खाते खोले गए हैं। 3 करोड़ से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं, जबकि लाखों महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के जरिए आर्थिक रूप से मजबूत हुई हैं। सेना में भी महिलाओं को स्थायी कमीशन देने का अवसर मिला है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी में ऐतिहासिक बदलाव
पीएम मोदी ने कहा कि देश में 26 शहरों में 1100 किलोमीटर से अधिक मेट्रो नेटवर्क विकसित हुआ है। वर्तमान में 164 वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं। अटल सेतु, चिनाब रेल ब्रिज और बोगीबील ब्रिज जैसी परियोजनाएं देश की प्रगति का प्रतीक हैं। हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 164 हो गई है, जिससे कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आया है।
युवा, रोजगार और स्टार्टअप को बढ़ावा
प्रधानमंत्री ने बताया कि सरकार ने लगभग 2 करोड़ युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया है। मुद्रा योजना के तहत लाखों लोगों को स्वरोजगार के लिए सहायता दी गई है। देश में 2.2 लाख से अधिक स्टार्टअप और 10 हजार से ज्यादा अटल टिंकरिंग लैब नवाचार को बढ़ावा दे रहे हैं।
स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा में विस्तार
पीएम मोदी ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा दी जा रही है। 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को मुफ्त इलाज की सुविधा भी दी गई है। इसके अलावा 19 हजार से अधिक जन औषधि केंद्रों के जरिए सस्ती दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
सांस्कृतिक विरासत और विकास का संतुलन
प्रधानमंत्री ने अयोध्या राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल महालोक और केदारनाथ पुनर्विकास जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है।