नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बतौर प्रधानमंत्री लगातार 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित एनडीए बैठक में उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पारित अभिनंदन प्रस्ताव के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और कहा कि कांग्रेस ने देश के साथ विश्वासघात किया, जबकि 2014 के बाद भारत ने तेज विकास और बड़े बदलावों का दौर देखा है। उन्होंने कहा कि देश की सेवा का सबसे लंबा अवसर मिलना उनका सौभाग्य है और जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
12 साल पूरे होने पर पीएम मोदी की 10 बड़ी बातें
कांग्रेस ने देश के साथ किया विश्वासघात
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक देश की जनता के साथ विश्वासघात किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हिंदू समाज पर कलंक लगाने का काम किया, जबकि उनकी सरकार ने एक भारत-श्रेष्ठ भारत की दिशा में कदम बढ़ाए।
2014 के बाद विकास को मिली नई रफ्तार
पीएम मोदी ने कहा कि 2014 के बाद देश की विकास यात्रा ने नई गति पकड़ी है। भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और वैश्विक मंच पर उसकी पहचान लगातार मजबूत हुई है।
एनडीए और कांग्रेस के विकास मॉडल में अंतर
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और एनडीए के विकास मॉडल में बड़ा फर्क है। एनडीए सरकार ने गरीबों, मध्यम वर्ग और युवाओं को केंद्र में रखकर नीतियां बनाई हैं, जिसका असर देश की प्रगति में दिखाई दे रहा है।
डिजिटल इंडिया की सफलता का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में दुनिया में अग्रणी बन चुका है। देश प्रथम की भावना के साथ तकनीक और नवाचार को बढ़ावा दिया गया है।
अनुच्छेद 370 हटाने को बताया ऐतिहासिक फैसला
पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर पूरे देश में एक संविधान और एक व्यवस्था लागू करने का काम किया है।
2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं बल्कि पूरे देश का संकल्प है। इसके लिए विकास की गति को और तेज करना होगा।
आतंकवाद और नक्सलवाद पर सख्ती
उन्होंने कहा कि एक समय भारत आतंकी हमलों का दर्द झेलता था, लेकिन अब देश ने आतंक के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की है। एयर स्ट्राइक और नक्सलवाद के खिलाफ अभियान इसका उदाहरण हैं।
आत्मनिर्भर भारत पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब विदेशी निर्भरता कम कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आने वाले वर्षों में देश कई क्षेत्रों में वैश्विक नेतृत्व की भूमिका निभाएगा।
देशहित में फैसले लेने की प्रतिबद्धता
उन्होंने कहा कि देशहित में बड़े और कठिन फैसले लेने का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। भारत को हर क्षेत्र में दुनिया से एक कदम आगे रखने का प्रयास किया जाएगा।
एनडीए नेताओं ने किया अभिनंदन प्रस्ताव का समर्थन
बैठक में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने अभिनंदन प्रस्ताव रखा, जबकि नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो ने इसका अनुमोदन किया। प्रस्ताव का समर्थन अमित शाह, राजनाथ सिंह, एकनाथ शिंदे, चिराग पासवान, जयंत चौधरी, विष्णुदेव साय और अन्य नेताओं ने किया।