कोलकाता: पश्चिम बंगाल के राजनीतिक इतिहास में शनिवार का दिन 'भगवा क्रांति' के नाम रहा। बंगाल विजय के बाद मुख्यमंत्री के रूप में शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता पहुंचे। ब्रिगेड परेड ग्राउंड में उमड़े लाखों लोगों के हुजूम को देखकर प्रधानमंत्री भावुक नजर आए।
नतमस्तक हुए प्रधानमंत्री
मंच पर पहुंचते ही प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे पहले विश्वकवि रवींद्रनाथ टैगोर की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद, जो दृश्य दिखा उसने सबको हैरान कर दिया। पीएम मोदी ने मंच के बीचों-बीच जाकर जनता के सामने घुटने टेके और सिर झुकाकर साष्टांग प्रणाम किया। बाद में सोशल मीडिया पर इस पल का वीडियो साझा करते हुए उन्होंने लिखा, "मैं पश्चिम बंगाल की जनशक्ति के सामने अपना सिर झुकाता हूँ।"
92 वर्षीय बुजुर्ग के छुए पैर
समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ने एक बार फिर अपनी सादगी का परिचय दिया। उन्होंने मंच पर मौजूद 92 वर्षीय माखनलाल सरकार के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। बता दें कि माखनलाल जी जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की कश्मीर यात्रा के साथी रहे हैं और उस दौरान उन्होंने जेल भी काटी थी। प्रधानमंत्री द्वारा पैर छुए जाने पर वृद्ध कार्यकर्ता भावुक हो गए और उन्होंने मोदी को गले लगा लिया।
ब्रिगेड में दिखा 'जनसुनामी' का मंजर
सुबह 11 बजे हुए इस समारोह के लिए पीएम मोदी तय समय से एक घंटे पहले ही कोलकाता पहुंच गए थे। वायुसेना के हेलीकॉप्टर से जब वे ब्रिगेड मैदान पहुंचे, तो पूरा मैदान 'जय श्री राम' के नारों से गूंज उठा। विधानसभा चुनाव में 207 सीटें जीतकर बहुमत हासिल करने वाली बीजेपी के लिए यह दिन किसी उत्सव से कम नहीं था। हालांकि प्रधानमंत्री ने आज कोई भाषण नहीं दिया, लेकिन उनकी मौजूदगी ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया।