प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर दुनिया के कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। अमेरिका और नाइजीरिया सहित कई देशों के नेताओं ने उनके नेतृत्व, जनसेवा और वैश्विक प्रभाव की सराहना की है।
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने दी बधाई
भारत में अमेरिकी राजदूत Sergio Gor ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने की उपलब्धि उनके दशकों लंबे समर्पित जनसेवा और प्रभावशाली नेतृत्व का प्रमाण है। उन्होंने पीएम मोदी के उज्ज्वल भविष्य की भी कामना की।
नाइजीरिया के राष्ट्रपति टीनुबू ने सराहा नेतृत्व
Bola Ahmed Tinubu ने भी प्रधानमंत्री मोदी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भारतीय जनता द्वारा लगातार तीन कार्यकालों में जताए गए भरोसे और विश्वास का प्रतीक है।
'जनसेवा और विकास के प्रति समर्पण प्रेरणादायक'
राष्ट्रपति टीनुबू ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जनसेवा के प्रति समर्पण, राष्ट्रीय विकास के लिए उनकी प्रतिबद्धता और वैश्विक मंच पर उनका प्रभावशाली नेतृत्व दुनिया भर में लाखों लोगों को प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
नाइजीरिया-भारत संबंधों को मजबूत करने में अहम योगदान
टीनुबू ने प्रधानमंत्री मोदी को नाइजीरिया का सच्चा मित्र और भरोसेमंद सहयोगी बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच मित्रता और सहयोग को मजबूत करने में उनका विशेष योगदान रहा है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि नाइजीरिया के सर्वोच्च सम्मानों में से एक ‘ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर’ से सम्मानित पीएम मोदी ने द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती दी है।
अच्छे स्वास्थ्य और निरंतर सफलता की कामना
नाइजीरिया के राष्ट्रपति ने अपनी शुभकामनाओं में कहा कि नाइजीरिया की सरकार और जनता की ओर से वे प्रधानमंत्री मोदी के अच्छे स्वास्थ्य, विवेकपूर्ण नेतृत्व और निरंतर सफलता की कामना करते हैं, ताकि वे भारत को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाते रहें।