प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी G7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार को फ्रांस के एवियन पहुंचे। इस दौरान ग्रुप ऑफ सेवन देशों के प्रमुख और गेस्ट कंट्रीज के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक हुई। जिसमें पीएम मोदी और यूएस प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रम्प की मुलाकात हुई।
करीब 5 मिनट हुई बातचीत
समिट के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रम्प एक-दूसरे के साथ बैठे नजर आए। दोनों नेताओं के बीच लगभग पांच मिनट तक बातचीत हुई। करीब 16 महीने बाद दोनों नेताओं की आमने-सामने मुलाकात हुई है। इससे पहले उनकी अंतिम मुलाकात फरवरी 2025 में अमेरिका के व्हाइट हाउस में हुई थी।
व्यापार समझौते पर हो सकती है चर्चा
सूत्रों के अनुसार दोनों नेता भारत-अमेरिका व्यापार समझौते, टैरिफ नीति, निवेश और रणनीतिक साझेदारी जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं। लंबे समय से प्रस्तावित द्विपक्षीय ट्रेड डील को लेकर भी बातचीत होने की संभावना जताई जा रही है।
वैश्विक मुद्दों पर भी रहेगा फोकस
G7 समिट के दौरान वैश्विक अर्थव्यवस्था, भू-राजनीतिक चुनौतियों, ऊर्जा सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे विषयों पर भी चर्चा की जा रही है। भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कई वैश्विक नेता हुए शामिल
इससे पहले फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने 52वें G7 शिखर सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन किया। सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्त्ज, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी सहित कई प्रमुख वैश्विक नेता हिस्सा ले रहे हैं।