नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वतंत्रता दिवस लुक हर साल चर्चा का विषय रहता है। खासतौर पर उनकी पगड़ी या साफा लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचता है। पारंपरिक अंदाज के साथ भारतीय संस्कृति और अलग-अलग राज्यों की लोककलाओं की झलक दिखाने वाली पीएम मोदी की पगड़ी स्वतंत्रता दिवस समारोह की खास पहचान बन चुकी है। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने राजघाट पहुंचे। इस दौरान उनका खास लुक देखने को मिला। पीएम मोदी इस बार लाल रंग की बांधनी यानी बंधेज कला वाली पगड़ी पहने नजर आए।
लाल बांधनी पगड़ी ने खींचा ध्यान
प्रधानमंत्री मोदी ने सफेद कुर्ते के साथ भूरे रंग की जैकेट पहनी और सिर पर लाल बांधनी पगड़ी को साफा स्टाइल में बांधा। इस स्टाइल में पगड़ी का कपड़ा आगे की तरफ उभरा हुआ और पीछे की ओर लंबा दिखाई देता है। लाल रंग को भारतीय परंपरा में शुभता और उत्साह का प्रतीक माना जाता है। ऐसे में बांधनी पैटर्न वाली लाल पगड़ी ने पीएम मोदी के स्वतंत्रता दिवस लुक को खास बना दिया।
2025 में केसरिया पगड़ी और भगवा जैकेट
पिछले साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लुक भी काफी चर्चा में रहा था। उन्होंने केसरिया पगड़ी के साथ भगवा जैकेट और तिरंगे बॉर्डर वाला गमछा पहना था। उस अवसर पर पीएम मोदी ने 100 मिनट से अधिक समय तक देश को संबोधित किया था।
2024 में पहनी थी लहरिया पगड़ी
2024 के स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रधानमंत्री मोदी सफेद कुर्ते और आसमानी रंग की जैकेट में नजर आए थे। उनके लुक को लहरिया पैटर्न वाली पगड़ी ने पूरा किया था। राजस्थान की पारंपरिक लहरिया कला की झलक उनके इस अंदाज में देखने को मिली थी।
2023 में राजस्थानी पगड़ी
2023 में प्रधानमंत्री मोदी ने ब्लैक वी-नेक जैकेट के साथ पीले और लाल रंग के शेड वाली राजस्थानी पगड़ी पहनी थी। उनके इस लुक में राजस्थान की पारंपरिक संस्कृति की झलक साफ दिखाई दी थी।
2022 में तिरंगा पगड़ी
2022 में पीएम मोदी ने नेहरू जैकेट के साथ तिरंगे रंगों वाली पगड़ी पहनी थी। इस दौरान उनका यह लुक सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। इसी अवसर पर प्रधानमंत्री ने करीब 83 मिनट का भाषण दिया था।
2021 में केसरिया पगड़ी
2021 में प्रधानमंत्री मोदी ने केसरिया रंग की पगड़ी के साथ लाल बॉर्डर वाला दुपट्टा पहना था। इस दौरान उनका लंबी दाढ़ी वाला लुक भी चर्चा में रहा था।
2020 में केसरिया-क्रीम पगड़ी
कोरोना महामारी के दौर में 2020 के स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी केसरिया और क्रीम रंग की पगड़ी में नजर आए थे। अपने संबोधन में उन्होंने देश को आत्मनिर्भर बनने का मंत्र दिया था।
2019 में लाल-संतरी पगड़ी
2019 के स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी सफेद हाफ स्लीव कुर्ते में नजर आए थे। उन्होंने लाल, संतरी और हरे रंग के शेड वाली पगड़ी पहनी थी। उस साल भी उनके पारंपरिक लुक ने लोगों का ध्यान खींचा था।
हर साल दिखती है भारतीय संस्कृति की झलक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस के परिधानों में हर साल भारत की अलग-अलग पारंपरिक कलाओं और सांस्कृतिक रंगों की झलक दिखाई देती है। उनकी पगड़ी कभी राजस्थानी परंपरा को दर्शाती है तो कभी लहरिया, बांधनी या तिरंगे रंगों के जरिए राष्ट्रीय भावना को सामने लाती है। यही वजह है कि स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी का भाषण जितना चर्चा में रहता है, उतनी ही नजर उनके पारंपरिक पहनावे और खासतौर पर पगड़ी पर भी रहती है।