प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज और कल यानी 10 और 11 मई को कर्नाटक, तेलंगाना और गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री हैदराबाद में करीब 9,400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे, वहीं गुजरात में सोमनाथ अमृत महोत्सव में भी शामिल होंगे।
बेंगलुरु में आर्ट ऑफ लिविंग के कार्यक्रम में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री मोदी रविवार सुबह बेंगलुरु में The Art of Living Foundation के 45वें स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लेंगे। वह कार्यक्रम को संबोधित करेंगे और आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में बने नए ध्यान मंदिर का उद्घाटन भी करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री संस्था की कई सेवा परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे, जिनमें मानसिक स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक परिवर्तन से जुड़ी पहलें शामिल हैं।
हैदराबाद में 9,400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन
बेंगलुरु दौरे के बाद प्रधानमंत्री तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद पहुंचेंगे। यहां वह करीब 9,400 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। साथ ही वह सिंधु अस्पताल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जो कैंसर उपचार पर केंद्रित अत्याधुनिक मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-167 परियोजना की रखेंगे आधारशिला
प्रधानमंत्री मोदी हैदराबाद-पणजी आर्थिक कॉरिडोर के तहत गुडेबेलूर से महबूबनगर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-167 को चार लेन बनाने की परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना की लागत 3,175 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। इसके अलावा पीएम वारंगल में पीएम मित्र पार्क का उद्घाटन करेंगे, जिसे काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क के नाम से भी जाना जाता है।
11 मई को सोमनाथ मंदिर जाएंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी सोमवार, 11 मई को Somnath Temple में आयोजित सोमनाथ अमृत महोत्सव में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री यहां धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे और स्मारक डाक टिकट तथा विशेष सिक्का भी जारी करेंगे।इसके बाद पीएम मोदी गुजरात के वडोदरा पहुंचेंगे, जहां वह सरदारधाम हॉस्टल का उद्घाटन करेंगे।