प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर पहुंचे। अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने उनका आत्मीय और गर्मजोशी से स्वागत किया। कुआलालंपुर पहुंचते ही पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया। दोनों नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण मुलाकात हुई, जो भारत-मलेशिया के मजबूत रिश्तों को दर्शाती है।
सोशल मीडिया पर साझा किया संदेश
मलेशिया पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम द्वारा मिले स्नेहपूर्ण स्वागत से वे अत्यंत प्रसन्न हैं। उन्होंने द्विपक्षीय बातचीत को लेकर उत्सुकता जताते हुए दोनों देशों के संबंध और मजबूत होने की उम्मीद भी जताई।
भारतीय समुदाय से करेंगे मुलाकात
अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी मलेशिया में रह रहे भारतीय प्रवासियों और व्यापारिक प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। इस यात्रा को लेकर भारतीय समुदाय में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
प्रधानमंत्री के सम्मान में एक विशाल सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें शास्त्रीय और लोक कला के कलाकार प्रस्तुति देंगे। करीब 800 से 1000 कलाकार एक साथ मंच पर प्रस्तुति देकर नया रिकॉर्ड बनाएंगे।
रवाना होने से पहले पीएम मोदी का बयान
मलेशिया के लिए रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया के ऐतिहासिक संबंधों में हाल के वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ होने वाली चर्चाओं को लेकर सकारात्मक उम्मीद जताई।
रणनीतिक साझेदारी को मिलेगी मजबूती
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस यात्रा के दौरान रक्षा और सुरक्षा सहयोग, व्यापार-निवेश, नवाचार और नए क्षेत्रों में साझेदारी को और आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी।
भारत-मलेशिया रिश्तों में नया अध्याय
पीएम मोदी 7 और 8 फरवरी को मलेशिया में रहेंगे। यह दौरा अगस्त 2024 में भारत-मलेशिया संबंधों को समग्र रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिए जाने के बाद हो रहा है। इस दौरान व्यापार, रक्षा और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में अहम समझौते होने की संभावना है।
Comments (0)