नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने संगठन को मजबूत करने, नए विचारों को आगे बढ़ाने और जनता के साथ पार्टी के जुड़ाव को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। यह बैठक बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व वाली नई टीम की पहली बड़ी बैठक रही। नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा 17 अगस्त को की गई थी। इसके बाद नवनियुक्त पदाधिकारियों ने पहली बार पार्टी अध्यक्ष और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक की।
पीएम मोदी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बैठक की जानकारी साझा करते हुए कहा कि संगठन की बैठकें पार्टी को मजबूत बनाने और लोगों के साथ जुड़ाव बढ़ाने के लिए नए विचारों और नजरिए पर केंद्रित होती हैं। पीएम मोदी ने नई संगठनात्मक टीम के साथ हुई बातचीत को सार्थक बताया। बीजेपी की ओर से भी कहा गया कि प्रधानमंत्री ने नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ संगठन को और मजबूत बनाने तथा जनता से संपर्क बढ़ाने को लेकर अपने विचार साझा किए।
बैठक में कई बड़े नेता रहे मौजूद
बीजेपी की नई टीम के साथ हुई बैठक में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इनमें नवनियुक्त उपाध्यक्ष राम माधव, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब, महासचिव (संगठन) बीएल संतोष और कोषाध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा निवर्तमान राष्ट्रीय कार्यकारिणी के कुछ पदाधिकारी और विभिन्न राज्य इकाइयों के अध्यक्ष भी बैठक में शामिल हुए।
Gen-Z आउटरीच पर बीजेपी का फोकस
बीजेपी की यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब पार्टी युवाओं, खासकर Gen-Z के साथ अपना जुड़ाव बढ़ाने की तैयारी कर रही है। पार्टी की ओर से युवाओं तक पहुंच बनाने के लिए विशेष आउटरीच कार्यक्रमों पर जोर दिया जा रहा है। बैठक से एक दिन पहले बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने नई राष्ट्रीय टीम की पहली परिचय बैठक की अध्यक्षता की थी। इसके साथ ही नई टीम की संगठनात्मक पारी की औपचारिक शुरुआत हुई।
नई टीम में 51 नए चेहरे
नितिन नबीन के नेतृत्व वाली बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में कुल 65 पदाधिकारी हैं, जिनमें 51 नए चेहरे शामिल हैं। नई टीम में संगठन के अनुभव और नए चेहरों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की गई है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और केंद्र एवं राज्य सरकारों की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा
बीजेपी की नई टीम के सामने आने वाले समय में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की चुनौती है। पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और जनता के बीच सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर फोकस कर रही है।