प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के नेताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और मंदी के माहौल के बावजूद भारत ने वर्ष 2025-26 में 7.7 प्रतिशत की उल्लेखनीय विकास दर दर्ज की है। उन्होंने बताया कि 31 मार्च को समाप्त हुई पिछली तिमाही में देश की विकास दर 7.8 प्रतिशत रही।
पूर्वोत्तर में शांति और आतंकवाद पर सख्त कार्रवाई का जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय पूर्वोत्तर भारत हिंसा और अशांति से जूझ रहा था, लेकिन सरकार के प्रयासों से वहां शांति और स्थिरता स्थापित हुई है। उन्होंने कहा कि पहले भारत आतंकवादी हमलों को चुपचाप सहन करता था, लेकिन अब आतंकवाद के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाइयों के जरिए देश ने अपनी ताकत दुनिया को दिखाई है।
अनुच्छेद 370 हटाने का भी किया उल्लेख
पीएम मोदी ने कहा कि जब 'नेशन फर्स्ट' की भावना से काम किया जाता है, तो कोई भी निर्णय कठिन नहीं होता। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें अनुच्छेद 370 पर चर्चा करने से भी डरती थीं, लेकिन उनकी सरकार ने इसे हटाकर पूरे देश में संविधान को समान रूप से लागू किया।
मध्यम वर्ग को दी गई राहतों का जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार मध्यम वर्ग की चुनौतियों और आकांक्षाओं को समझती है। इसी सोच के तहत 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय को कर मुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि आज देश को सरल और पारदर्शी कर प्रणाली का लाभ मिल रहा है और बेहतर बुनियादी ढांचे के कारण लोगों का जीवन आसान हुआ है।
तकनीक और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर
पीएम मोदी ने कहा कि ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, क्रिटिकल मिनरल्स, ड्रोन, डेटा सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कंप्यूटिंग और बैटरी स्टोरेज जैसे क्षेत्र देश की आर्थिक और रणनीतिक सुरक्षा से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि भारत इन क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनने के लिए मिशन मोड में काम कर रहा है और सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को मजबूत करने पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
12 वर्षों को बताया जनभागीदारी का उत्सव
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 साल सरकार और समाज की साझेदारी का प्रतीक रहे हैं। स्वच्छता अभियान, डिजिटल भुगतान और कोरोना महामारी के दौरान जनता के सहयोग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देशवासियों ने हर चुनौती में सरकार का साथ दिया है और यही विश्वास आगे भी भारत की ताकत बनेगा।
ऊर्जा सुरक्षा और परमाणु ऊर्जा पर फोकस
पीएम मोदी ने कहा कि भारत ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने समुद्र मंथन मिशन, तेल-गैस अन्वेषण और 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्य का जिक्र किया। साथ ही कहा कि सौर ऊर्जा के साथ-साथ परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में भी भारत महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कर रहा है। फास्ट ब्रीडर रिएक्टर तकनीक में मिली सफलता को उन्होंने आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम बताया।