प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी के साथ स्लोवाकियाई स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत विशेष योग प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले दुनिया भर के युवाओं का योग के प्रति बढ़ता आकर्षण बेहद उत्साहजनक है।
सोशल मीडिया पर साझा की खुशी
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए कहा कि स्लोवाकिया के बच्चों का योग प्रदर्शन देखकर उन्हें और राष्ट्रपति पेलेग्रिनी को बेहद प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि योग आज स्वास्थ्य, संतुलन और कल्याण की साझा भावना के माध्यम से लोगों को जोड़ने का कार्य कर रहा है।
राष्ट्रपति भवन में हुआ विशेष योग कार्यक्रम
सोमवार को स्लोवाकिया के राष्ट्रपति भवन में एक विशेष योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें स्कूली बच्चों और युवाओं ने योग की विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
भारत-स्लोवाकिया सांस्कृतिक संबंधों को मिला नया आयाम
विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों नेताओं ने योग प्रदर्शन का अवलोकन करते हुए भारत और स्लोवाकिया के बीच मजबूत होते सांस्कृतिक संबंधों की सराहना की। उन्होंने योग को शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने वाला वैश्विक माध्यम बताया।
उपनिषदों के स्लोवाक अनुवादक से भी मिले पीएम मोदी
स्लोवाकिया दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने प्रसिद्ध विद्वान डॉ. रॉबर्ट गाफ्रिक से भी मुलाकात की। डॉ. गाफ्रिक ने उपनिषदों का स्लोवाक भाषा में अनुवाद कर भारतीय संस्कृति और दर्शन को यूरोप तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। प्रधानमंत्री ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय इतिहास, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं के प्रति उनका समर्पण प्रेरणादायक है।
21 जून को मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
गौरतलब है कि हर वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों के प्रति वैश्विक जागरूकता बढ़ाना है।
पीएम मोदी की पहल से शुरू हुआ वैश्विक अभियान
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रस्ताव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सितंबर 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में रखा था। इसके बाद 11 दिसंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी। आज योग दिवस एक वैश्विक जनआंदोलन का रूप ले चुका है, जिसमें दुनिया भर के करोड़ों लोग भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संदेश देते हैं।