गुजरात - पीएम मोदी ने एक बार फिर कांग्रेस की राजनीति पर सवाल उठाया है। पीएम ने कहा कि, देश में निराशावादी लोग आत्मनिर्भर भारत का मजाक बना रहे हैं। कांग्रेस अराजकता, अनिश्चितता फैलाकर उसमें अपने लिए सत्ता में आने का अवसर देख रही है। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि, कांग्रेस शासित राज्यों में लोग उसके कुशासन से परेशान हैं, इसीलिए कर्नाटक में मुख्यमंत्री को बदलना पडा।
कांग्रेस निराशावादी राजनीति कर रही है
दक्षिण गुजरात में 7 विविध जिलों में 18778 करोड रु के विकास कार्यों के उद्घाटन एवं शिलान्यास के बाद सूरत के इंडोर स्टेडियम में आयोजित जनसभा में पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने विरोधियों को आडे हाथ लिया। पीएम मोदी ने आगे अपने संबोधन में कहा कि, कांग्रेस आज भी निराशावादी राजनीति कर रही है। भारत को दुनिया के देशों पर निर्भर रखने वाले आज भी देश के आत्मनिर्भरता के संकल्प की उपेक्षा व उपहास कर रहे हैं।
राहुल गांधी पर पीएम मोदी ने साधा निशाना
पीएम मोदी ने कहा कि, कांग्रेस देश में अराजकता व अनिश्चितता उत्पन्न कर अपने लिए अवसर ढूंढ रही है, लेकिन देश की जनता अब इससे आगे निकल चुकी है। पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया के जिन देशों में भी गया वहां बंगाल में भाजपा की जीत की चर्चा है। उन्होंने कांग्रेस व नेता विपक्ष राहुल गांधी के अराजकता भरे बयान व दावों पर पलटवार करते हुए कहा कि देश की जनता अब इनको भांप चुकी है, इसलिए हर चुनाव में भाजपा को समर्थन देते जा रही है।
जनता ने कांग्रेस को हाशिए पर धकेल दिया है
उन्होंने कहा कि गुजरात समेत देश की जनता ने कांग्रेस को हाशिए पर धकेल दिया है, जहां भी उनकी सरकार है लोग उनके कुशासन से परेशान हैं। हिमाचल प्रदेश के निकाय चुनाव में लोगों ने भाजपा का समर्थन किया, पंजाब भी अब कांग्रेस से किनारा कर रहा है और कर्नाटक में भी कांग्रेस के खिलाफ आक्रोश पनप रहा है इसलिए मुख्यमंत्री को बदलना पड़ा।