प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो देशों के दौरे के दूसरे चरण में रविवार रात 2:18 बजे स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा पहुंचे। यह 1993 में स्वतंत्र देश बनने के बाद पहली बार है जब किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने स्लोवाकिया का दौरा किया है। यहां यूरोपीय मामलों के मंत्री जुराय ब्लानार ने उनका पारंपरिक स्लोवाक रीति से ब्रेड और नमक भेंट कर स्वागत किया, जिसे सम्मान और सद्भावना का प्रतीक माना जाता है।
भारतीय समुदाय से की मुलाकात
एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी ने स्लोवाकिया में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की और उनका अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान उत्साह का माहौल देखने को मिला।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से होगी मुलाकात
प्रधानमंत्री मोदी अपने इस दौरे के दौरान स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होने की संभावना है।
फ्रांस दौरे के बाद स्लोवाकिया पहुंचे मोदी
प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले फ्रांस के नीस शहर में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता कर चुके हैं और ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम में शामिल हुए थे। फ्रांस दौरे के बाद वे सीधे स्लोवाकिया पहुंचे।
6 दिवसीय विदेश दौरे पर पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी 13 जून से फ्रांस और स्लोवाकिया के 6 दिवसीय विदेश दौरे पर हैं। वे 17 जून को फ्रांस के एवियान में G7 समिट में भी शामिल होंगे, जहां उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से मुलाकात की संभावना है।यह दौरा भारत और यूरोप के बीच संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।