देशभर के छात्रों के लिए खास माने जाने वाले कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ की शुरुआत हो चुकी है। इस साल यह कार्यक्रम अपने नौवें संस्करण में आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 10 बजे छात्रों से सीधे संवाद कर रहे हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने छात्रों को पढ़ाई के लिए एक बेशकीमती मंत्र दिया।
गुजरात की छात्रा ने किया पीएम से सवाल
पीएम मोदी ने छात्रों से कहा कि, वे अपने पैटर्न के हिसाब से पढ़ाई करें। सबकी सलाह सुनें, लेकिन अपना तरीका तभी बदलें जब आप चाहें। 'परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम में पहले अध्याय 'आपकी शैली, आपकी गति' पर चर्चा के दौरान गुजरात की एक छात्रा ने पीएम मोदी से सवाल किया। छात्रा ने पूछा कि परीक्षा के समय परिवार और शिक्षक सभी चिंता करते हैं। लेकिन समस्या तब आती है जब शिक्षक पढ़ाई का अलग पैटर्न समझाते हैं और अभिभावक अलग तरीके से पढ़ने के लिए कहते हैं, जबकि छात्रों का खुद का एक अलग पैटर्न होता है। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि यह पैटर्न जीवनभर चलता है।
मैं प्रधानमंत्री बन गया हूं, फिर भी...
परीक्षा पे चर्चा 2026 के दौरान पीएम मोदी ने छात्रों को उदाहरण देते हुए कहा, "मैं प्रधानमंत्री बन गया हूं। फिर भी लोग मुझे अलग-अलग तरीकों से काम करने को कहते हैं। लेकिन सबका अपना-अपना तरीका होता है। वहीं आगे बच्चों को उन्हीं के अंदाज में जवाब देते हुए पीएम ने कहा कि, जब परिवार के लोग एक साथ खाना खाने बैठते हैं तो सभी का खाने का पैटर्न अलग होता है। वह सब्जी के साथ खाने की शुरुआत करेगा, कोई दाल से करेगा और कोई दाल-सब्जी सब मिलाकर खाएगा। वहां जब वे अपने पैटर्न के हिसाब से खाते हैं तो उन्हें मजा आता है।
कुछ लोग सुबह बेहतर पढ़ाई करते हैं
छात्रों को पढ़ाई का मंत्र देते हुए देश के मुखिया ने कहा कि, कुछ लोग सुबह बेहतर पढ़ाई करते हैं, कुछ रात में। आपकी अपनी जो पैटर्न है, उसी पर भरोसा करें। लेकिन सलाह भी लें और अगर उससे आपको फायदा होता है, तो ही उसे अपनी जिंदगी के तरीके में शामिल करें। इसको भी किसी के कहने पर नहीं, बल्कि अपने अनुभव से जोड़ो।
मैंने अपना मूल तरीका नहीं छोड़ा - पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक और उदाहरण 'परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम के बारे में दिया। उन्होंने कहा कि, जब यह कार्यक्रम शुरू हुआ तो इसका एक अलग पैटर्न था। धीरे-धीरे इसमें कई बदलाव किए गए हैं और इसी तरह अबकी बार अलग-अलग राज्यों में छात्रों से संवाद किया। पीएम ने आगे बोलते हुए कहा कि, मैंने भी कुछ चीजें बदलीं, लेकिन अपना मूल तरीका नहीं छोड़ा।
Comments (0)